आगरालीक्स…. आगरा में भीमनगरी आयोजन के लिए 18 भीम वाटिकाएं तैयार की जाएंगी।
मंगलवार को भीमनगरी आयोजन समिति की बैठक हुई। डा. अम्बेडकर जयंती एवं भीम नगरीय समारोह केन्द्रीय समिति के पदाधिकारीगण ने अपर जिलाधिकारी से भीमनगरी आयोजन हेतु विभिन्न विकास कार्यों को कराये जाने हेतु एक मांग पत्र प्रस्तुत किया तथा निकाली जाने वाली शोभायात्रा रूट की मरम्मत, व वार्ड नं 02 में देवरी रोड तथा आसपास की बस्तियों में विकास कार्यों हेतु समयबद्ध पूर्ण कराए जाने का आग्रह किया। समिति ने भीम नगरी में विकास कार्य हेतु मधु नगर चौराहा से कोटली बगीची तक सड़क के दोनों तरफ इन्टर लॉकिंग,टाईल्स का निर्माण कार्य कराए जाने, तथा नगर निगम द्वारा प्रस्तावित कार्यों को कराए जाने हेतु लोकसभा चुनाव की आचार संहिता लगने से पूर्व सभी टेंडर प्रक्रिया पूर्ण करने का अनुरोध किया,
अपर नगरायुक्त ने प्रस्तावित विकास कार्य हेतु, फंड की उपलब्धता के आधार पर सर्वे कर कार्यों का एस्टीमेट तैयार कर शीघ्र कार्य प्रारंभ करने की बात कही। बैठक में बताया गया कि भीम नगरी आयोजन क्षेत्र में 18 भीम वाटिकाओं का सौंदर्यीकरण किया जाना है जिस हेतु एडीए द्वारा फंड स्वीकृत किया जाये तथा एडीए पथ कर से मलिन बस्तियों की गलियों का सी.सी.निर्माण कराया जाए।डूडा द्वारा मलिन बस्तियों के नाली-खरंजा निर्माण कार्य किए जाये जिसके लिए फंड स्वीकृत किया जाये। 14 अप्रैल आंबेडकर जयंती पर नाला काजी पाड़ा, चक्की पाट आदि में मेला आयोजन स्थल पर सफाई, सड़क, विद्युत, के कार्य कराए जाने की बात कही गई। बैठक में अपर नगरायुक्त ने प्रस्तावित विकास कार्यों को ससमय पूर्ण करने का आश्वासन दिया। विधायक डॉ. जीएस धर्मेश, एडीएम सिटी अनूप कुमार आदि मौजूद रहे।