आगरालीक्स…वैलेंटाइन वीक की शुरुआत कल से हो रही है। प्रेमी जोड़े ताजमहल का दीदार करने आते हैं। बाजार चमका। जानें सभी दिनों के बारे
फरवरी माह की सात तारीख रोज डे से शुरुआत
वैलेंटाइन वीक की शुरुआत फरवरी माह की सात ताऱीख से होती है और हर वर्ष युवा इसके लिए उत्साहित रहते हैं। समय के साथ वैलेंटाइन वीक में भी काफी परिवर्तन आया है। अब पहले जैसा तो नहीं लेकिन फिर भी इसका खासा क्रेज बरकरार है।
वैलेंटाइन वीक में आगरा में बढ़ जाते हैं पर्यटक
आगरा में वैलेंटाइन वीक पर शहर के ही नहीं आसपास के जिलों के साथ दूर-दराज के युवा भी घूमने के लिए ताजनगरी का चयन करने के साथ मोहब्बत की निशानी ताजमहल में अपना समय गुजारना चाहते हैं। इस वजह से इन दिनों यहां खासी रौनक रहती है।
गिफ्ट गैलरियां, कैफे और रेस्टोरेंटों की गई तैयारियां
वैलेंटाइन वीक में शहर के कारोबार पर भी खासा असर पड़ता है। इसके लिए गिफ्ट गैलरियां अभी से सज गई हैं। कैपे और रेस्टोरेंट में भी वैलेंटाइन वीक में विभिन्न प्रकार के सामान और डिश तैयार की गई है।
एक गुलाब के फूल की कीमत 20 से 25 रुपये
वैलेंटाइन डे के पहले दिन रोज डे के लिए अभी से गुलाब बुक हो गए हैं। मदिया कटरा, फुलट्टी, रावतपाड़ा, सदर बाजार, कारगिल पेट्रोल पंप के पास भी फूल की दुकानों पर गुलाब के फूल की मांग बढ़ गई है। गुलाब का एक फूल 25 से 30 रुपये का मिल रहा है।
समय के साथ वैलेंटाइन वीक में आया है बदलाव
वैलेंटाइन वीक में पहले की अपेक्षा बदलाव आया है। पहले मोबाइल फोन नहीं होने पर इस वीक में मिलने गुलाब के फूल देने, म्यूजिकल ग्रीटिंग कार्ड, गिफ्ट एक दूसरे को मिलकर दिए जाते थे। मिलने का बहाना भी मिल जाता था। मोबाइल फोन का जमाना आने पर प्रेमी जोड़ों की बात तो अब वीडियो कॉल पर किसी भी समय हो जाती है लेकिन मिलने के लिए अभी भी समय निकालना पड़ता है।
हिंदूवादी संगठनों का हुड़दंग कम हुआ
वर्ष 1980 से 2010 तक वैलेंटाइन डे को लेकर प्रेमी जोडों में खौफ रहा करता था। हिंदूवादी संगठन पश्चिम की इस संस्कृति का विरोध करते थे और होटल, पार्कों में बैठे जोड़ों को भगा देते थे लेकिन फिर भी युवा इस दिन मिलने से हिचकते नहीं थे। अब इसमें काफी बदलाव आ गया है। हिंदूवादी संगठन अब इसका पहला जैसा विरोध नहीं करते।
वैलेंटाइन वीक
पहला दिन सात फरवरी रोज डे
दूसरा दिन आठ फरवरी प्रपोज डे
तीसरा दिन नौ फरवरी चॉकलेट डे
चौथा दिन 10 फरवरी टेडी डे
पांचवा दिन 11 फरवरी प्रॉमिस डे
छठवां दिन 12 फरवरी हग डे
सातवां दिन 13 फरवरी किस डे
आठवां दिन 14 फरवरी वैलेंटाइन डे