आगरालीक्स… आगरा में ससुराल में नई राइफल का पूजन करने के लिए ट्रिगर दबाया, गोली एक महिला के लगी और उसकी मौत हो गई, जबकि एक बच्ची घायल है, राइफल फौजी की थी। वह पूजन के लिए अपनी ससुराल में लेकर आया था। गोली महिला के पेट में लगी थी। उसे एसएन मेडिकल कॉलेज लाया गया था। जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।
रविवार शाम पांच बजे कागारौल के गांव बसेरी चाहर निवासी युवक फौज में है। दो माह की छुट्टी पर आया हुआ है। गांव नागर में उसकी ससुराल है। सीओ अछनेरा सत्यम के अनुसार फौजी ने नई राइफल खरीदी है। वह पूजन कराने ससुराल आया था। पूजन में पड़ोस की महिलाओं को भी बुलाया गया था। पूजन के बाद किसी ने फौजी से कहा कि यह चलाकर तो दिखाओ। फौजी ने राइफल उठाई। चैंबर में पहले से गोली थी। चल गई। सामने खड़ी तस्वीर देवी के पेट में घुसने के बाद पार निकल गई। पीछे फौजी की साली रचना खड़ी थी। गोली उसके पैर में लगी। घटना से कोहराम मच गया। फौजी के होश उड़ गए। आनन-फानन में घायलों को इलाज के लिए लेकर भागे। महिला को एसएन लाया गया। रचना को नर्सिंग होम ले जाया गया। उसका इलाज चल रहा है। महिला की मौत हो गई। थाने पर सूचना आई तो पुलिस गांव में जांच करने पहुंची। पुलिस ने तस्वीरी देवी के परिजनों से तहरीर देने को कहा है। सीओ अछनेरा ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा लिखकर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।