आगरालीक्स ….आगरा में90 किलोमीटर की स्पीड से आए तूफान ने मचाई तबाही, 1.45 घंटे बाद आई बिजली। अंबेडकर पुल की रेलिंग, पेड़, होर्डिंग टूटे। फोटो और वीडियो देखें।
आगरा में बुधवार दिन में तेज धूप के बाद रात 10 बजे धूल भरी आंधी चलने लगी, इसके बाद तूफानी हवा चली, हवा की अधिकतम स्पीड 90 किलोमीटर प्रति घंटा तक बताई जा रही है। तूफान के साथ बारिश ने तबाही मचाई। पेड़, बिजली के खंभे, होर्डिंग और घरों पर लगे टिनशेड टूट कर गिरने लगे। कोठी मीना बाजार के पास पेड़ गिर गया, इसके नीचे कार के साथ ही युवक भी दब गए। युवकों को पेड़ के नीचे से बाहर निकाला और एसएन में भर्ती कराया गया है।
अंबेडकर पुल की रेलिंग टूटी, पेड़ टूट कर गिरने से यातायात ठप
तूफान और बारिश में यमुना किनारे से एत्माउददौला के बीच बने अंबेडकर पुल के दोनों तरफ लगी रेलिंग टूट कर गिर गई। इससे पुल पर कुछ देर तक यातायात ठप रहा। रेलिंग के साथ खंभे भी टूट कर गिर गए। इसके साथ ही शहर में जगह जगह पेड़ टूट कर गिर गए। केंद्रीय हिंदी संस्थान रोड पर पेड़ टूट कर गिर गया, राजेश्वर मंदिर मार्ग के साथ ही एमजी रोड पर भी कई जगह पेड़ टूट कर गिए गए।
धूप से बचाने के लिए सूरसदन पर लगे हरे रंग के कपड़े के साथ पिलर भी गिरे
नगर निगम ने एमजी रोड पर धूप से बचाव के लिए पिलरों पर हरे रंग का कपड़ा लगाया है, तूफान में हरे रंग के कपड़े के साथ ही पिलर भी सड़क पर गिर गए, इससे यातायात ठप हो गया। आंधी के समय लोग पेड़ और होर्डिंग से दूर भागने लगे। कई जगह पर होर्डिंग और संकेतक के बोर्ड टूट गए, साइनेज टूट कर रोड पर गिर गए। रात तक राहत और बचाव कार्य चलता रहा।

1.50 घंटे तक पूरे शहर में ब्लैक आउट
तूफान और बारिश के साथ ही रात 10 बजे शहर की बिजली आपूर्ति ठप कर दी गई, कई क्षेत्रों में बिजली के खंभे भी टूट कर गिए गए। करीब रात 11.45 बजे के बाद शहर के अलग अलग क्षेत्रों में बिजली आपूर्ति शुरू हुई। मगर, जिन क्षेत्रों में पेड़ बिजली की लाइन पर टूट कर गिए गए, खंभे और तार टूट कर गिर गए वहां अंधेरा पसरा रहा।