आगरालीक्स…आगरा में सेंट मेरीज़ चर्च का वार्षिकोत्सव शुरू. शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने माता मरियम के चरणों में अपनी श्रद्धा की अर्पित
सेंट मेरी चर्च, प्रतापपुरा का वार्षिकोत्सव आज परंपरागत हर्ष और उल्लास के साथ भव्य रूप से प्रारम्भ हुआ। इस अवसर पर नौ दिवसीय प्रार्थना-नोवेना की शुरुआत की गई, जिसमें शहर और आसपास के क्षेत्रों से आए श्रद्धालुओं ने माता मरियम के चरणों में अपनी श्रद्धा अर्पित की। आरंभिक प्रार्थना सभा एवं मुख्य पूजा विशिष्ट पुरोहित फादर शाजी जोसेफ़ द्वारा संपन्न कराई गई। उन्होंने अपने प्रवचन में माता मरियम के जीवन, उनके अद्भुत चमत्कारों एवं उनके विश्वासियों को सदैव प्रेरित करने वाले व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि माता मरियम सदैव विश्वास और भक्ति रखने वालों के जीवन में कल्याणकारी परिवर्तन लाती हैं। प्रारंभिक दिवस पर भारी संख्या में नगर के विभिन्न गिरजाघरों तथा संस्थानों से जुड़े विश्वासी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर माता मरियम की स्तुति करते हुए मंगलकामनाओं और प्रार्थनाओं का स्वरूप गढ़ा। इस अवसर पर फादर जोसेफ़ डाबरे, फादर जॉन तथा फादर अजय ने भी प्रार्थना एवं अन्य धार्मिक विधियों को सम्पन्न कराया। पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार झंडा फहराया गया, जो इस वार्षिकोत्सव की आधिकारिक शुरुआत का प्रतीक है। क्रिश्चियन समाज सेवा सोसाइटी के अध्यक्ष डेनिस सिल्वेरा ने जानकारी दी कि प्रतिदिन सायं 6:00 बजे से विशेष प्रार्थना एवं नोवेना का आयोजन किया जाएगा।