आगरालीक्स…आगरा में शुरू हो रहा पर्यटन सीजन. टूरिज्म में आएगा बूम. बढ़ सकती है फ्लाइटों की संख्या. सबसे ज्यादा डिमांड इन शहरों से एयर कनेक्टिविटी की
आगरा में कल यानी 28 अक्टूबर से पर्यटन सीजन शुरू होने जा रहा है जो कि 31 मार्च तक चलेगा. ऐसे में पर्यटन सीजन को भुनाने के लिए आगरा में पर्यटन से जुड़े सभी सेक्टर्स ने तैयारी कर ली है. हाल ही में वीकेंड पर पर्यटकों की जबर्दस्त भीड़ देखी गई थी. ऐसे में पर्यटकों के इसी क्रम को और बरकरार रखने के लिए टूरिज्म डिपार्टमेंट भी तैयार है. इसके तहत आगरा में आने वाली चार्टर और नियमित फ्लाइट की संख्या बढ़ाई जाएगी.
50 हजार से अधिक पहुंचे थे पर्यटक
हाल ही में दिवाली के त्योहार की छुट्टियों के कारण वीकेंड पर 50 हजार से अधिक पर्यटक ताजमहल का दीदार करने के लिए पहंुंचे थे. ताज के अलावा आगरा फोर्ट, फतेहपुर सीकरी आदि स्मारकों पर भी अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली थी. आने वाले दिनों में और संख्या बढ़ सकती है.
बढ़ सकती है फ्लाइट्स की संख्या
वर्तमान में आगरा से मुंबई, बंगलुरु, हैदराबाद और अहमदाबाद के लिए सीधी फ्लाइट उपलब्ध है. पर्यटक सीजन के लिए फ्लाइट्स की नई समय सारिणी तैयार की गई है और इसके अलवा कई नई एयरलाइंस को भी जोड़ा जा रहा है. इंडिगो की ओर से कई शहरों के लिए आने वाले समय में फ्लाइट की डायरेक्ट कनेक्टिविटी आगरा से हो सकती है.
इन शहरों की सबसे अधिक डिमांड
आगरा से जयपुर, भोपाल, इंदौर, अमृतसर, दिल्ली, वाराणसी, कोलकाता, पटना, गोवा के लिए सीधी फ्लाइट की डिमांड सबसे अधिक है.