आगरालीक्स…आगरा में लैदर पार्क की झाड़ियों में मिला 193.2 किलो गांजा.
आगरा की एएनटीएफ, आगरा व थाना किरावली पुलिस की संयुक्त कार्यवाही, थाना किरावली क्षेत्रान्तर्गत लेदर पार्क से 193 किलो 200 ग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया है. एएनटीएफ यूनिट आगरा को मुखबिर द्वारा सूचना प्राप्त हुई वृंदावन, मथुरा का निवासी जकरिया अपने साथी अन्ना एवं योगेश चाहर के साथ मिलकर अवैध रूप से गांजा की तस्करी में संलिप्त है। सूचना में बताया गया कि जकरिया द्वारा अन्ना के माध्यम से गांजा मंगवाया गया है, जिसे थाना किरावली क्षेत्र अंतर्गत लेदर पार्क के पास कहीं छिपाकर रखा गया है।मुखबिर द्वारा पुनः सूचना प्राप्त हुई कि जकरिया, अन्ना एवं योगेश चाहर द्वारा गांजा की तस्करी की जा रही है। सूचना के अनुसार किशन सिंह एवं उसका साला योगेश चाहर, अपने साथी जकरिया का माल (गांजा) लेकर योगेश चाहर के गांव जैंगारा जा रहे थे, किंतु पुलिस चेकिंग की आशंका के चलते उन्होंने गांजे को थाना किरावली क्षेत्र में लेदर पार्क में बने गेट के पास झाड़ियों में छिपा दिया, जिसे वे अगले दिन उठाने वाले थे।
प्राप्त सूचना के आधार पर एएनटीएफ यूनिट आगरा एवं थाना किरावली पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल कार्यवाही की गई। कार्यवाही के दौरान लेदर पार्क में बने गेट के नीचे कच्चे रास्ते पर झाड़ियों से कुल 06 बोरियों में भरा हुआ 193.200 किलोग्राम अवैध गांजा बरामद किया गया। बरामदगी के सम्बन्ध में थाना किरावली पर मु0अ0सं0 354/2025 धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट पंजीकृत कर, अभियुक्तों के विरुद्ध अग्रिम आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है।वांछित अभियुक्तों के नाम
- जकरिया उर्फ जाका पुत्र खुदाबख्श निवासी वृंदावन जनपद मथुरा।
- किशन सिंह उर्फ अन्ना पुत्र विजय सिंह निवासी सुदामा वास थाना गोरई जनपद अलीगढ़।
- योगेश चाहर पुत्र राज कुमार निवासी सलेमाबाद बमनपुरा जैंगारा थाना कागारौल आगरा।