आगरालीक्स…आगरा के विवि में 24 मार्च को रोजगार मेला. 30 से अधिक नामी कंपनियां आएंगी. 3885 से अधिक पदों के लिए छात्रों को देंगी रोजगार. जानिए कितना होगा पैकेज
डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय, आगरा के स्वामी विवेकानंद खंदारी परिसर स्थित गेस्ट हाउस में 24 मार्च को एक भव्य रोजगार मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह आयोजन स्वामी विवेकानंद परिसर, खंदारी कैंपस में दाऊ दयाल वोकेशनल इंस्टीट्यूट, सेठ पदम चंद जैन संस्थान, इंस्टीट्यूट ऑफ बेसिक साइंसेज एवं स्कूल ऑफ लाइफ साइंस में संपन्न होगा।कुलपति ने बताया कि उन्होंने बताया कि 24 मार्च को जेपी सभागार में उद्घाटन सत्र आयोजित होगा, जबकि यूनिवर्सिटी मॉडल स्कूल, खंदारी परिसर में अभ्यर्थियों का पंजीकरण किया जाएगा। इच्छुक अभ्यर्थी ऑनलाइन अथवा स्थल पर ही ऑफलाइन पंजीकरण कर सीधे साक्षात्कार में भाग ले सकेंगे। इस रोजगार मेले में 30 से अधिक प्रतिष्ठित कंपनियां प्रतिभाग कर रही हैं, जिनके माध्यम से लगभग 3885 छात्रों को रोजगार के अवसर प्राप्त होने की संभावना है। प्रमुख कंपनियों में आईसीआईसीआई बैंक, पेटीएम, एचडीएफसी एक्सप्रेस, प्रकाश डीजल, होटल सोरा (रामाडा), एसबीआई इंश्योरेंस, इंडिया मार्ट, रेनबो हॉस्पिटल, प्रेम मोटर्स सहित अन्य संस्थान शामिल हैं।
उपलब्ध पदों में बिजनेस डेवलपमेंट एग्जीक्यूटिव, सेल्स एग्जीक्यूटिव, नर्सिंग स्टाफ, सॉफ्टवेयर डेवलपर, ब्रांच मैनेजर, फैसिलिटी सुपरवाइजर, अकाउंटेंट, टेक्नीशियन एवं सेल्स एसोसिएट जैसे विभिन्न प्रोफाइल शामिल हैं। योग्यता के रूप में इंटरमीडिएट, स्नातक, परास्नातक, आईटीआई एवं डिप्लोमा धारक पुरुष एवं महिला अभ्यर्थी इस मेले में भाग ले सकते हैं। चयनित अभ्यर्थियों को आगरा, जयपुर, फरीदाबाद, नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम एवं गाजियाबाद जैसे शहरों में कार्य करने का अवसर मिलेगा।
वेतनमान के संबंध में जानकारी देते हुए बताया गया कि न्यूनतम वेतन ₹10,000 प्रति माह से प्रारंभ होकर अधिकतम ₹40,500 प्रति माह तक रहेगा, जबकि कुछ कंपनियां लगभग ₹4 लाख वार्षिक पैकेज भी प्रदान करेंगी। इस अवसर पर नोडल अधिकारी प्रो अनिल गुप्ता ने युवाओं से आह्वान करते हुए कहा कि यह रोजगार मेला उनके करियर को नई दिशा देने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने सभी योग्य अभ्यर्थियों से अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इस अवसर का लाभ उठाने की अपील की।प्रेस वार्ता में विश्वविद्यालय के कुलसचिव अजय मिश्रा द्वारा वर्तमान प्लेसमेंट उपलब्धियों की भी जानकारी दी गई, जिसमें Ethara AI में 10 इंटर्न्स का चयन (₹70,000 स्टाइपेंड, 90 दिन), Vacmet India Pvt. Ltd. में 3 छात्रों का चयन तथा अन्य कंपनियों—Expertbells, HSN Pvt Ltd, Talent-Que, Nexdigm एवं Jobaaj—में चयन प्रक्रिया प्रगति पर होने की जानकारी साझा की गई।
कुलपति प्रो आशु रानी ने कहा कि यह रोजगार मेला केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं के सपनों को साकार करने का एक सशक्त माध्यम है। इसका उद्देश्य विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ रोजगार से जोड़कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने सभी अभ्यर्थियों से इस अवसर का अधिकतम लाभ उठाने का आग्रह किया तथा मीडिया से इस पहल को जन-जन तक पहुंचाने में सहयोग की अपील की।