फिरोजाबादलीक्स…फिरोजाबाद में महिला तहसीलदार ने डीएम पर लगाए गंभीर आरोप.
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है. टूंडला में तैनात रहीं महिला तहसीलदार ने डीएम के खिलाफ कई गंभीर आरोप लगाए हैं. मीडिया रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को उन्होंने मीडिया के सामने डीएम और उनके ओएसडी पर भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए. उनका कहना है कि डीएम दबाव बनाकर नैतिक व अनैतिक मांग करते हैं. रिपोर्ट के अनुसार तहसीलदार ने आरोप लगाए हैं कि वह डीएम को 1.75 लाख रुपये का आईफोन दे चुकी हैं. इसके बाद भी उनका आठ महीने का वेतन रोके रखा गया. जिससे उन्हें फरवरी में हाईकोर्ट जाना पड़ा था.तहसीलदार राखी शर्मा आगरा के बल्केश्वर की रहने वाली हैं और टूंडला तहसील में डेढ़ साल से तैनात हैं. उनके और डीएम के बीच कई महीनों से तनातनी चल रही है. पहली बार यह मामला फरवरी में तब खुलकर आया जब राखी शर्मा ने आठ माह से वेतन न मिलने पर इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दायर की जिसमें उन्होंने आरोप लगाया था कि डीएम ने उन्हें प्रताड़ित करने के लिए उनका वेतन रोक रखा है. हालांकि होली से पहले उनका वेतन भी जारी हो गया था लेकिन एसआईआर की प्रक्रिया पूरी होने के बाद तहसीलदार के स्थानांतरण की चर्चा राजस्व विभाग में थी. गुरुवार शाम को तीन तहसीलदारों के स्थानांतरण हुए जिनमें राखी शर्मा भी शामिल हैं. उन्हें इसी पद पर शिकोहाबाद भेजा गया था.
लगाए गंभीर आरोपशुक्रवार को तहसीलदार राखी शर्मा ने मीडिया के सामने डीएम और उनके ओएसडी का नाम लेते हुए कहा कि इनके द्वारा सभी राजस्व अधिकारियों को प्रताड़ित किया जाता है. ओएसडी के साथ ही कलक्ट्रेट के कई बाबू भ्रष्टाचार में लिप्त हैं. रिपोर्ट के अनुसार उन्होंने आरोप लगाया कि वेतन न मिलने पर जब वह हाईकोर्ट गईं तो रात में ही कोषागार खुलवाकर उनका वेतन जारी किया गया. डीएम ने कार्यालय बुलाकर याचिका को वापस लेने का दबाव भी बनाया. राखी शर्मा ने और भी कई गंभीर आरोप लगाए हैं.
कलक्ट्रेट कर्मचारी हुए लामबंद
इधर कलक्ट्रेट कर्मचारी भी तहसीलदार के खिलाफ लामबंद हो गए हैं. उत्तर प्रदेश मिनिस्ट्रीयल कलक्ट्रेट कर्मचारी संघ ने आयुक्त एवं सचिव राजस्व परिषद और मंडलायुक्त आगरा को पत्र भेजकर तहसीलदार पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए हैं.