आगरालीक्स…आगरा में बड़ी संख्या में होटल और रेस्टोरेंट लेकिन एफएसडीए की अचानक होने वाली कार्रवाई से होती है असुविधा. विशेष सचिव रेखा एस चौहान से मिलकर रखी अपनी समस्याएं..फूड एक्सपो के लिए किया आमंत्रित
चैंबर ऑफ फूड प्रोसेसिंग इंडस्ट्रीज एसोसिएशन एवं होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने मंगलवार को सर्किट हाउस आगरा में उत्तर प्रदेश सरकार की विशेष सचिव, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन, रेखा एस. चौहान से शिष्टाचार भेंट की। पदाधिकारियों ने विशेष सचिव का ध्यान आगरा में फूड प्रोसेसिंग क्षेत्र की असीम संभावनाओं की ओर आकर्षित किया। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा के मानकों को लेकर आगरा के व्यापारी एवं उद्यमी बेहद जागरूक हैं।नियमों में व्यावहारिकता की मांग
चैंबर अध्यक्ष राजकुमार भगत ने अनुरोध किया कि खाद्य सुरक्षा के नए मानकों में यदि कोई परिवर्तन होता है तो जिला स्तरीय खाद्य सुरक्षा विभाग उद्यमियों के साथ समन्वय बैठक कर उसकी जानकारी अनिवार्य रूप से साझा करे। उन्होंने कहा कि खाद्य सुरक्षा की मांगों को अधिक व्यावहारिक बनाने की आवश्यकता है। प्राकृतिक मौसम के कारण भी खाद्य पदार्थों की शेल्फ लाइफ प्रभावित होती है, ऐसी स्थिति में विभाग को व्यावहारिक दृष्टिकोण अपनाना चाहिए। उन्होंने सीमावर्ती राज्यों से आने वाले दुग्ध उत्पादों पर विशेष निगरानी की मांग भी रखी। उन्होंने कहा कि बाहर से आने वाले मिल्क उत्पादों के कारण आगरा का बाजार प्रभावित हो रहा है।
होटल उद्योग की समस्या
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश चौहान ने कहा कि ब्रज क्षेत्र अपने विशेष स्वाद और आतिथ्य के लिए जाना जाता है। आगरा एक बड़ा पर्यटक केंद्र है जहाँ बड़ी संख्या में होटल-रेस्टोरेंट हैं। विभाग द्वारा आकस्मिक कार्रवाई से संचालकों के साथ-साथ अतिथियों को भी असुविधा होती है। उन्होंने सुझाव दिया कि रूटीन जांच जारी रहे, परंतु यदि कोई सैंपलिंग ड्राइव चलाई जाए तो संगठन को पूर्व सूचना अवश्य दी जाए।
मंत्रालयों में एकरूपता का सुझाव
मुख्य सलाहकार मनीष अग्रवाल ने कहा कि फूड प्रोसेसिंग और फूड सेफ्टी विभाग वर्तमान में अलग-अलग हैं। व्यावहारिक एकरूपता लाने के लिए दोनों विभागों को एक ही मंत्रालय के अधीन लाना आवश्यक है ताकि योजनाएं, उत्पादन और सुरक्षा की प्लानिंग एक साथ हो सके।
विशेष सचिव रेखा एस. चौहान ने सरकार की मंशा स्पष्ट करते हुए कहा कि खाद्य सुरक्षा मानकों की आड़ में किसी भी उद्यमी का विभागीय उत्पीड़न नहीं होने दिया जाएगा। परंतु व्यापारियों को भी खाद्य सुरक्षा के सभी मानकों को समझकर उनका पूर्णतः पालन करना होगा, क्योंकि खराब खाद्य पदार्थ सीधे जनस्वास्थ्य को प्रभावित करते हैं।

यूपी फूड एक्सपो 2026 में विभाग की कार्यशाला
संगठन ने 14-15-16 जून 2026 को जेपी होटल, आगरा में आयोजित होने वाले उत्तर प्रदेश फूड एक्सपो एवं कॉन्क्लेव 2026 के लिए विशेष सचिव को आमंत्रित किया। इस पर श्रीमती चौहान ने कहा कि विभाग इस कॉन्क्लेव में एक विशेष कार्यशाला आयोजित करेगा, जिसमें खाद्य सुरक्षा और फूड कलर को लेकर जागरूकता अभियान चलाकर उद्यमियों-व्यापारियों को प्रशिक्षित किया जाएगा।