आगरालीक्स…आगरा के बल्केश्वर में इंद्रेश महाराज की कथा में 500 रुपये में बेचे जा रहे फर्जी एंट्री पास. 100 से अधिक फर्जी पास जब्त. पास के साथ आई महिला बोली—आयोजन स्थल से ही खरीदा..आनें असली पास की पहचान
आगरा के बल्केश्वर पार्क में इस समय आचार्य इंद्रेश महाराज की कथा चल रही है. भागवत कथा सुनने के लिए भारी संख्या में लोग पहुंच रहे हैं. ऐसे में भीड़ का फायदा उठाकर कुछ लोगों ने 500 रुपये में फर्जी पास बेचना शुरू कर दिया है. इसकी जानकारी शुक्रवार को उस समय हुई जब ऐसे ही पास के साथ एक महिला यहां पहुंची. जांच के दौरान महिला सुरक्षाकर्मियों ने जब महिला की जांच की तो उसके पास मौजूद एंट्री पास को देखकर संदेह हुआ और जांच के बाद सामने आया है यह पास फर्जी है. इस पर वहां हंगामा हो गया.आयोजन स्थल के पास से ही बेचे जा रहे पास
फर्जी एंट्री पास के साथ आई महिला ने इसको लेकर हंगामा कर दिया. महिला का कहना था कि उसने यह पास आयोजन स्थल के पास से ही 500 रुपये में खरीदा है. सूचना पर आयोजन समिति के पदाधिकारी भी यहां पहुंच गए और उनहोंने महिला से पास लेकर उन्हें लौटा दिया.
आयोजन के मीडिया प्रभारी ऋषि अग्रवाल ने बताया कि फर्जी एंट्री पास के बेचे जाने और प्रवेश की जानकारी होने पर जब जांच की गई तो ऐसे 100 से अधिक फर्जी प्रवेश पास जब्त किए गए हैं. उन्होंने बताया कि भागवत कथा में केवल यजमानों के लिए ही वीवीआईपी पास बनाए गए हैं जिसमें क्यूआर कोड भी लगाया गया है. जिन एंट्री पासों को जब्त किया गया है, वह बिना क्यूआर कोड के हैं और पूरी तरह से फर्जी हैं. उन्होंने बताया कि भागवत कथा में बिना पास के ही एंट्री दी जा रही है. आयोजकों की ओर से लोगों के लिए कोई पास जारी नहीं किए गए हैं. उन्होंने अपील की कि लोग ऐसे फर्जी पासों को न खरीदें.