आगरालीक्स…आगरा में महिलाओं की 44 शिकायतों पर हुई सुनवाई. राज्य महिला आयोग ने घरेलू हिंसा-दहेज उत्पीड़न मामलों में त्वरित कार्रवाई के निर्देश…
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष बबीता चौहान ने शुक्रवार को सर्किट हाउस में महिला जन सुनवाई की और महिला उत्पीड़न तथा सरकार द्वारा संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ महिलाओं तक पहुंचाने हेतु संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की. जनसुनवाई में कुल 44 आवेदन प्राप्त हुए जिन पर संबंधित को प्रभावी कार्यवाही कर निस्तारण की आख्या उपलब्ध कराने को निर्देशित किया एवं जनसुनवाई में अधिकांश मामले घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, गुजारा भत्ता व पेंशन के रहे. अध्यक्ष द्वारा जनपद के प्राप्त विभिन्न प्रकरणों पर संबंधित थानाध्यक्षों से दूरभाष पर वार्ता कर त्वरित कार्यवाही के कड़े निर्देश दिए.
राज्य महिला आयोग अध्यक्ष ने बताया कि महिला आयोग में प्राप्त होने वाले प्रत्येक प्रार्थना पत्र का शत-प्रतिशत निस्तारण सुनिश्चित कराया जाएगा. उन्होंने कहा कि महिलाओं में अपने अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ रही है, जिसके चलते वे अपनी समस्याओं को लेकर आयोग एवं पुलिस तक पहुंच रही हैं. उन्होंने पुलिस से पीड़ित महिलाओं की शिकायतों को संवेदनशीलता एवं गंभीरता से सुनने तथा अपने व्यवहार में सकारात्मक बदलाव लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि थानों पर सम्मानजनक व्यवहार और समयबद्ध कार्रवाई से पीड़ित महिलाओं को काफी राहत मिल सकती है. उन्होंने विवाह से पूर्व युवक-युवतियों एवं उनके अभिभावकों की काउंसलिंग पर जोर देते हुए आपसी समझ, संवाद और पारिवारिक सामंजस्य को आवश्यक बताया. उन्होंने कहा कि महिलाओं की सुरक्षा एवं घरेलू हिंसा की रोकथाम के लिए पुलिस, समाज और अभिभावकों को मिलकर जिम्मेदारी निभानी होगी.
जनसुनवाई में एसडीएम नरेंद्र गंगवार, एसीपी सुनीता चौहान, डिप्टी सीएमओ डॉ. सुरेंद्र मोहन प्रजापति, जिला कौशल प्रबंधक श्री अमित धाकरे, सहायक श्रमायुक्त सुश्री शगुन सहित संबंधित विभागों के अधिकारीगण मौजूद रहे।