फिरोजाबादलीक्स…अजब, दो सहेलियां आपस में शादी की जिद पर अड़ीं. पांच साल से थी एक दूसरे के बेहद करीब, अब आपस में हुआ प्यार. घरवालों के उड़े होश, थाने पहुंचा मामला
आगरा मंडल के फिरोजाबाद जिले में में अजब गजब मामला सामने आया है. शिकोहाबाद में रहने वाली दो सहेलियां आपस में शादी करना चाहती हैं. दोनों पांच साल से गहरी दोस्त थीं और एक दूसरे के बेहद करीब हैं. घरवालों को जब इसकी जानकारी हुई तो होश उड़ गए. इनमें से एक के परिजनों ने अपनी बेटी की शादी तय कर दी तो दोनों सहेलियों ने बगावत शुरू कर दी. हाल ये है कि मामला अब पुलिस तक पहुंच गया है. पुलिस और परिवार के लोग दोनों को समझाने में जुटे हैं लेकिन वह अपना फैसला नहीं बदल रही हैं. ऐसे में बातचीत के दौरान दोनों सहेलियो के घरवाले भी आपस में भिड़ गए.
पड़ोसी है दोनों सहेलियां
दोनों सहेलियां एक ही मोहल्ले में रहती हैं और इनके घर एक दूसरे के घर के सामने हैं. दोनों का उठना बैठना तथा खाना पीना आम बात है. पिछले पांच साल से दोनों काफी गहरी दोस्त हो गईं और अब एक दूसरे से प्यार करने लग गई हैं. इनमें से एक युवती ने जिद कर ली है कि वह अपनी सहेली को अपने ही घर में रखेगी और दोनों पति पत्नी की तरह जीवन बिताएंगी. परिजनों को जब इसकी भनक लगी तो उनके होश उड़ गए. घर में क्लेश होने लगा. हरकतों से परेशान होकर एक युवती के परिजनों ने उसकी शादी दूसरी जगह तय करने के लिए रिश्ता देखना शुरू कर दिया लेकिन इससे दोनों सहेलियों ने घरवालों के खिलाफ ही बगावत शरू कर दी.
थाने पहुंचा मामला
रविवार की रात को एक युवती अपनी प्रेमिका के घर जाकर सो गई जिससे आज सोमवार सुबह और विवाद बढ़ गया. मामला थाने तक पहुंच गया. थाने में दोनों के परिजन बेटियों को समझाते रहे. पुलिस ने भी समझाया लेकिन उन्होंने अपनी जिद नहीं छोड़ी. हाल ये रहा कि दोनों युवतियों के घरवाले थाने के बाहर आपस में भिड़ गए. पुलिस का कहना है कि बात की जा रही है और युवतियों को समझाया जा रहा है.