आगरालीक्स…आगरा में डॉ. भीमराव आंबेडक विवि की सेमेस्टर परीक्षाएं कल से हो रही शुरू. 276 केंद्रों पर होगी परीक्षा. 2.54 लाख से अधिक स्टूडेंट देंगे परीक्षा. 30 नोडल केंद्र बनाए गए
आगरा के डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय द्वारा राष्ट्रीय शिक्षा नीति-2020 के अंतर्गत संचालित स्नातक स्तर के प्रथम, तृतीय एवं पंचम सेमेस्टर तथा परास्नातक स्तर के तृतीय एवं चतुर्थ सेमेस्टर की परीक्षाएं कल यानी मंगलवार 17 नवंबर से प्रारंभ हो रही हैं। परीक्षाओं के सफल, सुव्यवस्थित एवं पारदर्शी संचालन के लिए विश्वविद्यालय प्रशासन द्वारा समस्त आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। परीक्षा के लिए आवश्यक गोपनीय सामग्री निर्धारित 30 नोडल केंद्रों पर प्रेषित कर दी गई है। विश्वविद्यालय से संबद्ध महाविद्यालयों के कुल 276 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षाओं का आयोजन कराया जाएगा, जिसमें 2,54,414 छात्र-छात्राएं सम्मिलित होंगे। परीक्षा संबंधी व्यवस्थाओं के समन्वय एवं गोपनीय सामग्री के वितरण के लिए 30 नोडल केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
परीक्षाओं की प्रभावी निगरानी एवं पारदर्शी संचालन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय के खंदारी परिसर में ऑनलाइन निगरानी केंद्र (ऑनलाइन मॉनिटरिंग सेंटर) स्थापित किया गया है, जिसके माध्यम से परीक्षा केंद्रों की गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। शासन की मंशा के अनुरूप परीक्षाओं को नकलविहीन एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के लिए विश्वविद्यालय द्वारा विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं। इसके अंतर्गत उड़ाका दलों (फ्लाइंग स्क्वॉड) का गठन कर दिया गया है। साथ ही परीक्षा की निगरानी एवं व्यवस्थाओं के प्रभावी अनुश्रवण के लिए आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद एवं मैनपुरी सहित चारों जनपदों में पर्यवेक्षकों की नियुक्ति की गई है।