आगरालीक्स… आगरा में तेज स्पीड कार खंभे में जा घुसी, भीषण हादसे में एक की मौत, दो गंभीर रुप से घायल हैं।
आगरा में जगदीशपुरा की आवास विकास कॉलोनी सेक्टर 6 निवासी 19 वर्षीय मोनू पुत्र भीमसेन बिजली मिस्त्री था। बुधवार रात को वह अपने मित्रों पिंटू निवासी सेक्टर 11, शिवम निवासी सेक्टर 6 और विशाल निवासी सेक्टर 11 के साथ कार से घूमने गया था। देर रात को चारों दोस्त सेक्टर चार पुलिस चौकी की ओर से होटल भावना क्लार्क की ओर जा रहे थे। कार को शिवम उर्फ खली चला रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह अनियंत्रित होकर पहले एक पेड़ से टकराने से बची। इसके बाद हाइटेंशन लाइन के पोल में जबरदस्त टक्कर मार दी। जिससे पोल टूटकर तारों पर झूल गया। मोनू चालक की सीट के बराबर में बैठा था।
कार में फंसे चारों युवकों की चीख-पुकार सुनकर टोरंट पावर सब स्टेशन पर मौजूद कर्मचारी और राहगीर वहां जुट गए। बिजली के पोल से कार में करंट आने की आशंका से दहशत में आ गए। लाइन काटने के बाद चारों युवकों को बाहर निकाला गया। तब तक मोनू दम तोड़ चुका था।
एक्सप्रेस वे पर हादसे में बेकरी संचालक की मौत
मथुरा में थाना यमुनापार के वृंदावन कट से पहले गुरुवार सुबह वाहन की टक्कर से बुलट सवार बेकरी मालिक की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त घायल हो गया। दोनों बुलट से आगरा से दिल्ली जा रहे थे। सूचना पर काफी देर बाद पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
सुभाषनगर (दिल्ली) के चांदनगर, विष्णु गार्डन निवासी तरुण वर्मा (27) पुत्र आरके वर्मा बेकरी चलाते थे। वह अपने दोस्त सेबी के साथ आगरा से बुलट द्वारा दिल्ली जा रहे थे। थाना जमुनापार के माइल स्टोन 105-06 के मध्य किसी वाहन की बुलट से टक्कर हो गई।
इसमें बुलट सवार काफी देर तक सड़क पर पड़े तड़पते रहे, लेकिन पुलिस और एक्सप्रेसवे कर्मी मदद को नहीं पहुंचे। आखिरकार तरुण ने दम तोड़ दिया। एक घंटे बाद पहुंची जमुनापार पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भिजवाया और घायल को अस्पताल में भर्ती कराया।
मृतक के बहनोई आनंद ने बताया कि उनका साला दिल्ली के सुभाष नगर में बेकरी चलाता था। 27 फरवरी को आगरा आया था। प्रभारी निरीक्षक हरेंद्रपाल सिंह ने बताया कि बुलट सवार युवक की मौत हुई है।