आगरालीक्स..(देवेंद्र कुमार )… आगरा में मनकामेश्वर मंदिर के पास चूहों ने मकान की नींव को खोखला कर दिया, लोगों की आंखों के सामने तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया, इसका वीडियो सामने आने के बाद खलबली मची हुई है। दहशत में आस पास के लोगों ने भी मकान खाली कर दिया है।
आगरा के पीपल मंडी क्षेत्र के पार्षद रवि माथुर ने https://agraleaks.com/ को बताया कि आगरा में मनकामेश्वर मंदिर के पास कचहरी घाट की टीले वाली गली में सुधीर वर्मा का मकान है, तीन मंजिला मकान में वे परिवार के साथ रहते हैं, परिवार में आठ सदस्य हैं। यह मकान टीले पर है। आस पास में बडी संख्या में चूहे हैं, सालों से चूहे मकान की नींव से मिटटी निकाल रहे हैं। चूहों ने नींव को खोखला कर दिया है। शनिवार को उनके मकान के एक कमरे में मिटटी गिरने की आवाज हुई, मकान गिरने की आशंका पर वे अपने घर से बाहर निकल आए।
सुबह भरभरा कर गिरा तीन मंजिला मकान
रविवार सुबह सुधीर वर्मा अपने परिवार के साथ दूसरे मकान में पहुंच गए, इसके कुछ देर बाद ही उनका तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर गया, मकान के गिरते हुए का वीडियो भी लोगों ने बना लिया। अब यह वीडियो ग्रुपों पर वायरल हो रहा है।
वीडियो में पहाडों पर भूकंप आने पर गिरते मकान का नजारा
वायरल हुए वीडियो पर पहाडों पर भूकंप और भूस्खलन होने पर मकान धाराशाही हो जाते हैं, इसी तरह का नजारा वीडियो में दिखाई दे रहा है। तीन मंजिला मकान भरभरा कर गिर रहा है, करीब 13 सेकेंड के वीडियो में मकान गिरता हुआ दिखाई दे रहा है।
21 मकान हो चुके हैं खोखले
पीपली मंडी क्षेत्र में टीले वाली गली है, गली में टीले पर मकान हैं। इन मकानों के आस पास चूहों का आतंक है। 21 मकानों की नींव खोखली हो चुकी है, आए दिन मकान गिरते रहते हैं। लेकिन पूरा मकान नहीं गिरा है, तीन मंजिला मकान के गिरने से लोगों में दहशत है और मकान खाली कर चले गए हैं।