आगरालीक्स… आगरा के शहीद देवेंद्र का बेटा पाकिस्तानी घुसपैठियों से बदला लेने के लिए आर्मी ज्वाइन करेगा, पाकिस्तानी गोलाबारी में देवेंद्र की शहादत के 10 दिन बाद बेटे के जन्मदिन पर उसके परिजनों ने कहा कि वे चाहते हैं कि शहीद देवेंद्र का बेटा देश की रक्षा के लिए सेना में जाए।
आगरा के लखनपुर, सिकंदरा निवासी बीएसएफ के जवान देवेंद्र सिंह कठुआ, जम्मू कश्मीर में पाकिस्तान सीमा पर तैनात थे, 15 मई को पाकिस्तान की तरफ से घुसपैठ के बाद सर्च शुरू हुई, इसी दौरान पाकिस्तान की सीमा से गोलाबारी कर दी गई, गोली लगने के बाद भी घायल देवेंद्र बंदूक लेकर खडे रहे। हॉस्पिटल में उनकी मौत हो गई। उनके परिवार में मां रमावती, पिता नारायण सिंह, बडे भाई देवी लाल, पत्नी पिंकी, नौ महीने की बेटी ऋ़तिका और बेटा धीरज है।

25 मई को बेटे के जन्मदिन मनाने आ रहे थे, बेटा सेना में जाएगा
उनके बेटे धीरज का 25 मई को दूसरा जन्मदिन था, 19 मई को उन्हें छुटटी पर आगरा आना था। इससे पहले ही 15 मई को देवेंद्र शहीद हो गए। 25 मई को स्थानीय विधायक हेमलता दिवाकर और जिला पंचायत अध्यक्ष राकेश बघेल शहीद के घर पहुंचे, उन्हें 25 लाख का चेक दिया। शहीद देवेंद्र के परिजनों ने कहा कि धीरज का दूसरा जन्मदिन है, देवेंद्र उसका जन्मदिन धूमधाम से मनाते, वे अब नहीं हैं, उनका बेटा धीरज भी बडा होकर देश की रक्षा करेगा और सेना में जाएगा। यह कहते कहते उनका गला भर्रा गया और आंखे नम हो गईं।
वीडियो कॉल से करते थे बात
शहीद देवेंद्र अपने बेटे से वीडियो कॉल से बात करते थे, उसे बताया था कि वे जन्मदिन से पहले आ जाएंगे, अच्छी तरह से जन्मदिन मनाएंगे। बेटा धीरज अपने पिता की याद में बेचैन है, उसे लग रहा है कि पिता कुछ दिन बाद आएंगे। घर पर परिजन बिलखते रहते हैं, इसे देख वह भी उदास हो जाता है।