आगरालीक्स… आगरा में सोते हुए कुत्ते पर डामर डालकर रोड बनाने वाली कंपनी पर मुकदमा दर्ज किया गया है, कुत्ते का पैर के नीचे का हिस्सा गर्म डामर में दब गया था, इसके बाद रोड रोलर भी चलाया गया। इसके फोटो वायरल होने के बाद संगठनों के प्रदर्शन पर पुलिस ने आरपी इंस्ट्रक्टर कंपनी के कर्मचारियों पर मुकदमा दर्ज किया है।
मंगलवार सुबह सोशल मीडिया पर एक फोटो वायरल हुआ। इस फोटो में कुत्ते का पैरों से नीचे का हिस्सा डामर में दबा हुआ है, यह डामर रोड बनाने के लिए डाली गई है। बताया जा रहा है कि आगरा के फूल सैयद चौराहे, थाना सदर के एक हिस्से में रोड बनाया जा रहा था, पीडब्ल्यूडी द्वारा रोड बनाने का ठेका आरपी इंस्ट्रक्टर कंपनी को दिया गया था। कंपनी द्वारा सोमवार रात को रोड बनाया गया।
खोलती हुई डामर डालने से तडप तडप कर मौत
स्थानीय लोगों का कहना है कि सोमवार रात निजी कंपनी के कर्मचारियों ने रोड बनाने के लिए गर्म डामर तैयार की और रोड पर डालने लगे। रोड के किनारे एक कुत्ता सो रहा था, गर्म डामर कुत्ते पर पडी तो वह तडपने लगा। उस डामर से रोड रोलर भी घुमा दिया गया, इससे कुत्ते के पैर से नीचे का हिस्सा डामर में दब गया। कुत्ते ने बाहर निकलने की कोशिश की लेकिन वह निकल नहीं सका और कुछ ही देर में कुत्ते की मौत हो गई।
डामर में दबा छोड गए शव
कंपनी के कर्मचारियों ने कुत्ते की मौत के बाद शव को बाहर नहीं निकाला, शव के नीचे के हिस्से को डामर में ही दबा छोड गए। इसे देखने वाले लोग भी हतप्रभ हैं।
कुत्ते का शव निकालने के बाद मुकदमा दर्ज
इस मामले को लेकर स्थानीय संगठनों ने प्रदर्शन किया था, इसकी शिकायत पीएफए चेयरमैन मेनिका गांधी से भी की गई, स्थानीय पीएफए के अधिकारी भी आ गए। जेसीबी मंगाकर कुत्ते का शव डामर से बाहर निकाला गया। थाना सदर इंस्पेक्टर ने बताया कि इस मामले में गोविंद पाराशर की तहरीर पर आरपी इंस्ट्रक्टर कंपनी के कर्मचारियों पर धारा 428, 429 और पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 में मुकदमा दर्ज किया गया है।
