आगरालीक्स …आगरा में एक करोड का इनकम टैक्स जमा न करने पर डुगडुगी बजवाई, कॉलोनी में पहुंचकर कहा कि एक करोड का टैक्स है जमा कर दें। ऐसा नजारा सालों बाद आगरा में दखने को मिला।
मंगलवार को आयकर विभाग ने आगरा पब्लिक प्राइमरी स्कूल के सामने स्थित 51, केशव कुंज निवासी संदीप तोमर के आवास पर यह कार्रवाई की। उन पर साल 2007-08 का 505560 रुपये, 2008-09 का 9231474 रुपये और 2009-10 का 2382720 रुपये समेत कुल 1,21,19,754 रुपये का टैक्स बकाया था। काफी रिमाइंडर और नोटिस के बाद भी उन्होंने कर भुगतान की दिशा में कोई कदम नहीं उठाया, तो विभाग ने धारा 220(2) के तहत टैक्स जमा न करने पर उनके 222.95 वर्ग मीटर में निर्मित भवन को अटैच कर लिया। प्रधान आयकर आयुक्त द्वितीय जयंत मिश्र के निर्देश पर चार अक्टूबर को इस संबंध में आदेश जारी किया गया था, जिसके बाद आयकर अधिकारी अर्चना साहनी ने मंगलवार को इस कार्रवाई को अंजाम दिया।
पहले यही था तरीका
प्रधान आयकर आयुक्त जयंत मिश्र ने बताया कि लोगों को जागरूक करने का यह विभाग का सालों पुराना तरीका है कि लोग सावधान हो जाएं और सही समय पर बकाया कर का भुगतान करें, नहीं तो इस तरह से उनको शर्मिंदा किया जा सकता है। विभाग ने कार्रवाई के बाद संपत्ति पर नोटिस चस्पा किया कि उक्त संपत्ति की कोई खरीद फरोख्त न करे। यदि को खरीद-बिक्री करता है, तो वह अवैध होगा और इसके लिए वह खुद जिम्मेदार होगा।