आगरालीक्स… आगरा में 15 अप्रैल को कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा आ सकती हैं। वे अंबेडकर जयंती पर सजने वाली उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध भीमनगरी का उद्घाटन कर सकती हैं। भीमनगरी आयोजन समिति ने लखनऊ में प्रियंका गांधी से मुलाकात करके उन्हें आमंत्रित किया है। प्रियंका गांधी ने आने की मौखिक सहमति दे दी है।
इस बार भीमनगरी का आयोजन ताजगंज स्थित कहरई क्षेत्र में किया जा रहा है। भीमनगरी का कार्यक्रम हर वर्ष 15, 16 और 17 अप्रैल को होता है। इससे पहले 14 अप्रैल को आंबेडकर की शोभायात्रा निकाली जाती है। समिति के अध्यक्ष भरत सिंह पिप्पल, समिति सदस्य व कांग्रेस प्रदेश उपाध्यक्ष उपेंद्र सिंह ने बताया कि प्रतिनिधिमंडल ने लखनऊ में रविवार को प्रियंका गांधी वाड्रा से मुलाकात करके भीम नगरी के आयोजन के बारे में जानकारी दी। पिछले वर्षों की प्रगति रिपोर्ट्स को भी उन्होंने देखा।