आगरालीक्स… आगरा के दो बार से सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया को टिकट ना देने के लिए उनकी पार्टी के आठ विधायकों ने रिपोर्ट दी थी, सर्वे में भी असंतोष सामने आया था, तीन दिन तक संगठन की बैठक में इस पर चर्चा की गई। आगरा सुरक्षित सीट पर जीत के लिए जातिगत समीकरण और लोरगों के बीच में छवि को ध्यान में रखते हुए डॉ राम शंकर कठेरिया की टिकट काट दी गई। इस सीट पर अब प्रो एसपी सिंह बघेल प्रत्याशी होंगे।
गुरुवार को आगरा सुरक्षित सीट के लिए प्रो एसपी सिंह बघेल के नाम की घोषणा की गई। सूत्रों के मुताबिक, जिले में भाजपा के नौ विधायक हैं, इसमें से आठ ने डॉ राम शंकर कठेरिया को टिकट ना देने के लिए कहा, यहां तक कहा कि उन्हें चुनाव लडाने पर भाजपा हार सकती है। इसके साथ ही तीन सर्वे भी कराए गए, इसमें भी आम लोगों का दो बार के सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया के लिए असंतोष सामने आया था।
डॉ कठेरिया की पत्नी को मिल सकता है मौका
डॉ राम शंकर कठेरिया की सीट काट दी गई है, हाथरस और इटावा सीट पर प्रत्याशी घोषित नहीं किए गए हैं। इसमें से किसी एक सीट पर डॉ राम शंकर कठेरिया की पत्नी म्रदुला कठेरिया को मौका दिया जा सकता है।
सपा, बसपा और भाजपा में पहुंच गए एसपी सिंह बघेल
एसपी सिंह बघेल ने अपना राजनैतिक करियर सपा से शुरू किया, बघेल समाज में लोकप्रिय एसपी सिंह बघेल ने 1998, 1999 और 2004 में सपा से जलेसर सीट से लोकसभा चुनाव लडा। इसके बाद वे बसपा में आ गए और दो बार चुनाव लडा। 2014 में बसपा से एसपी सिंह बघेल राज्यसभा सदस्य बने। 2015 में उन्होंने भाजपा ज्वाइन कर ली, 2017 के विधानसभा चुनाव में वे टूंडला सीट से भाजपा से जीते और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री बन गए। वे वर्तमान में टूंडला से विधायक और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।