आगरालीक्स… आगरा में सियासी पारा गर्माया हुआ है, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष कुछ घंटे बाद आगरा में होंगे, इससे पहले भाजपा से टिकट न मिलने से नाराज चौधरी बाबूलाल सभा कर रहे हैं। इसमें वे बडा ऐलान कर सकते हैं, इससे भाजपा के चुनावी समीकरण पर बडा असर पडेगा।
भाजपा ने आगरा सुरक्षित सीट से सांसद डॉ राम शंकर कठेरिया और फतेहपुर सीकरी से सांसद चौधरी बाबूलाल की टिकट काट दी है। आगरा सुरक्षित से प्रो एसपी सिंह बघेल और फतेहपुर सीकरी से राजकुमार चाहर को प्रत्याशी घोषित किया है। इसके बाद से डॉ राम शंकर कठेरिया ने दिल्ली में डेरा डाल दिया है और सांसद चौधरी बाबूलाल टिकट काटे जाने का विरोध कर रहे हैं।
जनता को बताएं क्यों काटी टिकट
चौधरी बाबूलाल ने रविवार 11 बजे चौधरी रघुनाथ सिंह कॉलेज, किरावली में समर्थकों को बुलाया है, उनका कहना है कि उनके समर्थक जानना चाहते हैं कि क्यों टिकट काटी गई। 5 साल के कार्यकाल में भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा है, कोई गलत काम नहीं किया है, भाजपा के कोष में 50 लाख रुपये की सहायता राशि भी जमा की, इसके बाद भी टिकट क्यों काट दी गई।
अमित शाह की आगरा कॉलेज मैदान में जनसभा
चौधरी बाबूलाल ने 11 बजे समर्थकों के साथ बैठक बुलाई है, इसके कुछ घंटे बाद दोपहर 2. 30 बजे से भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह की आगरा कॉलेज मैदान में रैली है।