आगरालीक्स.. आगरा में केमिस्ट्स एंड ड्रगिस्ट्स फेडरेशन उत्तर प्रदेश की विशेष वार्षिक आम सभा व सतत शिक्षा कार्यक्रम सोमवार दोपहर फतेहाबाद मार्ग स्थित पर्ल्स रिसोर्ट में आयोजित किया गया. समारोह में यूपी के लगभग सभी जिलों के पदाधिकारी मौजूद रहे. मुख्य अतिथि व उत्तर प्रदेश सरकार में एफडीए मंत्री अतुल गर्ग के समक्ष विभिन्न जिलों के प्रतिनिधि उद्यमियों ने व्यापारिक समस्याओं को प्रमुखता से उठाया.
इनमें फार्मासिस्ट की समस्या, निलंबित लाइसेंसों की बहाली, लाइसेंस का नवीनीकरण, ऑनलाइन पोर्टल पर रिनुअल, ऑनलाइन दवा बिक्री पर रोक व आमजन को सस्ती दवा उपलब्ध कराने में सरकार के साथ संगठन की भागीदारी के मुद्दे प्रमुखता से उठाए गए. इनका उत्तर देते हुए अपने उद्बोधन में एफडीए मंत्री अतुल गर्ग ने कहा कि मोदी-योगी सरकार में व्यापारियों को परेशान होने की जरूरत नहीं है. हम हर समस्या के निदान को प्रतिबद्ध हैं. सरकारी अधिकारी काम ना करें तो मुझे व्हाट्सएप या मेल से शिकायत करें, तुरंत कार्यवाही होगी. साथ ही कहा कि फार्मेसिस्ट की समस्या के संबंध में शीघ्र ही विधानसभा से प्रस्ताव पारित कराकर राष्ट्रपति से हस्ताक्षर करवाए जाएंगे.
इस दौरान यूपी फेडरेशन के अध्यक्ष दिवाकर सिंह, महामंत्री सुरेश गुप्ता, संरक्षक गिरिराज रस्तोगी, चेयरमैन मोहम्मद इब्राहिम मंसूरी, कोषाध्यक्ष राजीव त्यागी, संगठन सचिव सुधीर अग्रवाल, राजस्थान सरकार में एडीसी मनोज डोंगरा व भरत गोस्वामी, यूपी फेडरेशन के पीआरओ सुरेश कुमार, लिवर ट्रांसप्लांट के विख्यात सर्जन डॉ बलबीर सिंह, आगरा शाखा अध्यक्ष ओमप्रकाश व सचिव महेश अग्रवाल प्रमुख रूप से मंचस्थ रहे. यूपी फेडरेशन के महामंत्री सुरेश गुप्ता व निधि सोनी ने संचालन किया.