आगरालीक्स… आगरा के सोहन लाल आहूजा, उम्र 101 साल, इन्हें मतदान करने का जुनून है और चुनावी चर्चा में बाजी मारने का हुनर भी, कहते हैं कि 1952 से वोट डाल रहा हूं, नेताओं के साथ चुनावी रंग भी बदल गया।
आगरा में 18 अप्रैल को दोनों सीटों पर मतदान होना है। ऐसे में युवा ही नहीं बल्कि बुजुर्गों का उत्साह भी देखते ही बन रहा है। कहीं व्हीलचेयर पर, कहीं लाठी टेकते हुए तो कहीं परिजनों का सहारा लेकर बुजुर्ग लोकतंत्र में मतदान का महत्व जताने के लिए तैयार हैं। ऐसे ही एक बुजुर्ग हैं सोहन लाल आहूजा।
अर्जुन नगर निवासी सोहन लाल आहूजा की उम्र 101 साल है। वैसे तो वे ज्यादातर घर में शांत ही रहते हैं, लेकिन जैसे ही बात चुनाव या मतदान की आती है वे अपनी राय रखने से पीछे नहीं रहते। इस बार भी वे युवाओं से अधिक जोश के साथ मतदान के लिए तैयार हैं। 509 आर्मी वर्कशाॅप से सेवानिवृत्त सोहन लाल अपने पुत्र जगदीश चंद आहूजा और पौत्र राकेश कुमार आहूजा से समय-समय पर शहर में चुनावी हवा की जानकारी लेते रहते हैं। उनके पौत्र राकेश कुमार आहूजा ने बताया कि दादा जी अब ठीक से चल फिर नहीं पाते, लेकिन लोकतंत्र के महापर्व में मतदान के लिए तत्पर रहते हैं। इस बार भी दादा जी ने उनसे 18 अप्रैल को मतदान के लिए अनिवार्य रूप से ले चलने के लिए कहा है। वहीं खुद सोहन लाल आहूजा कहते हैं कि लोकतंत्र के इस महापर्व में भी युवाओं को ठीक उसी तरह हिस्सा लेना चाहिए जैसे वे सामाजिक व धार्मिक उत्सवों में लेते हैं। युवा ही इस देश का भविष्य हैं और उन्हें मतदान के लिए आगे आना चाहिए।