आगरालीक्स… आगरा में शादी के 11 साल बाद पत्नी को तीन तलाक कहकर तीन बच्चों सहित बाहर निकालने पर मुख्यमंत्री कार्यालय में टवीट किया, पति अरेस्ट कर लिया है।
आगरा के धोबी मोहल्ला, सदर बाजार निवासी जाविद ने बताया कि बहन तरन्नुम का निकाह 11 वर्ष पहले ईदगाह निवासी जिकरू रहमान के साथ हुआ था। कुछ दिनों बाद वे धनौली स्थित निखिल विहार में रहने लगे। तरन्नुम के तीन बच्चे हैं। उसका आरोप है कि शौहर ने दूसरा निकाह कर लिया है। इसके चलते तीन तलाक देकर उससे छुटकारा पाना चाहता है।रविवार को मामूली झगड़े के बाद पति ने मारपीट करके तरन्नुम को तीन तलाक बोलकर घर से निकाल दिया।
थाने से लौटाया, टवीट के बाद कार्रवाई
मायके पक्ष के लोग पीड़िता को लेकर थाने पहुंचे। उन्होंने तहरीर दी तो पुलिस ने जांच की बात कहकर टरका दिया।दो दिन तक कार्रवाई नहीं हुई तो पीड़िता ने मंगलवार को प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री को ट्वीट कर दिया। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद मुख्यमंत्री कार्यालय ने तरन्नुम से संपर्क कर जानकारी ली। वहां से स्थानीय प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के आदेश दिए गए। एसपी पश्चिमी रवि कुमार, सीओ अछनेरा नम्रिता श्रीवास्तव थाने पहुंच गए। उन्होंने तरन्नुम को भी बुला लिया। उनके बयान दर्ज किए। साथ ही वीडियो भी बनाई गई। इसके बाद शौहर जिकरूरहमान, तैय्यब, ताहिर, इमरान, कुल्लन, जहूर, नसरीन, अतीक अहमद समेत पांच अज्ञात के खिलाफ बलवा, मारपीट और धमकी देने का मुकदमा दर्ज कर लिया है।
