आगरालीक्स… आगरा में पुलिस की मदद के लिए 100 की जगह 112 नंबर डायल करना होगा, साथ ही बुजुर्गों की मदद के लिए 24 घंटे पुलिस रहेगी, 60 साल से अधिक उम्र के लोगों का पुलिस द्वारा पंजीकरण कराया जाएगा।
आगरा सहित यूपी में 26 अक्टूबर से आपातकालीन प्रतिक्रिया सहायता प्रणाली 100 से 112 पर स्थानांतरित की जा रही है। इसमें फायर, एंबुलेंस सहित अन्य सहायता प्रणालियों को भी शामिल किया गया है। इसके साथ कम्युनिटी पुलिसिंग संबंधी निर्देश भी अधिकारियों को जारी किए हैं।
किया जाएगा पंजीकरण
वरिष्ठ नागरिक 112 नंबर मिलाएंगे और नाम, पता, फोन नंबर जैसी प्राथमिक जानकारी देंगे। इसके बाद थाने का बीट स्टाफ फोन कर समय तय करेगा। बुजुर्ग से मिलेगा और पंजीकरण करेगा। यदि टैब उपलब्ध नहीं है तो कागज का बीट फॉर्म आरक्षी के पास रहेगा, जिसे भरकर बाद में थाने के कंप्यूटर में भरा जाएगा। बुजुर्ग भी एप या वेब साइट पर खुद या किसी सहयोगी से विवरण भरकर पंजीकरण करा सकते हैं। पुलिस पंजीकरण के लिए थाना समाधान दिवस, तहसील दिवस, पुलिस लाइन, तहसील दिवस के मौके पर कैंप लगाएगी।
पुलिस का बदलेगा चेहरा
बीट स्टाफ नियमित पंजीकृत बुजुर्ग से मिलेगा और समस्याएं हल करेगा। कार्रवाई की एंट्री साफ्टवेयर में की जाएगी। मिलने का अंतराल क्या हो? यह उपलब्ध संसाधन और आवश्यकता के आधार पर थाना प्रभारी तय करेंगे। बुजुर्गो से भेंट कर व मैसेज से जन्म दिवस की बधाई भी देंगे। जिला और थाने स्तर पर वरिष्ठ नागरिक सेल का गठन किया जाएगा। इसमें पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी।