आगरालीक्स …आगरा में गोदाम पर एफएसडीए का छापा, नकली घी की आशंका पर 48 टिन में भरा 720 किलो घी सीज किया गया है।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार आगरा में शुक्रवार को एफएसडीए की टीम ने सिकंदरा स्थित जयशिव इंटरनेशनल प्राइवेट लिमिटेड के एक और गोदाम पर कार्रवाई की।
एफएसडीए की टीम ने गुरुवार को सिकंदरा स्थित जय शिव इंटरनेशनल के गोदाम से सात हजार लीटर रिफाइंड पाम ऑयल जब्त किया था। टीम को आशंका थी कि इसे नकली घी बनाकर बिक्री की जाती है। इसके मालिक अंकुर जैन से पूछताछ पर एक और गोदाम की जानकारी मिली, इस पर टीम ने शुक्रवार गोदाम पर छापा मारा, यहां से घी की 48 टिन भरी हुई मिलीं। कीमत 2.30 लाख रुपये बताई गई है। जिला अभिहित अधिकारी मनोज वर्मा ने बताया कि सिकंदरा के जयशिव इंटरनेशनल कंपनी का यह दूसरा गोदाम है। 48 टिन में नकली घी की आशंका पर इसे सीज कर दिया है।
टीम को आशंका है कि नकली घी बनाने का धंधा अन्य राज्यों तक भी फैला है, इसकी पूछताछ की जा रही है। टीम की पूछताछ में इसके और गोदाम की भी जानकारी मिली है। इसकी कहां-कहां सप्लाई की है, इसके भी तार जोड़े जा रहे हैं।
तपन एग्रो पर मारा छापा
एफएसडीए की टीम ने दयालबाग स्थित तपन एग्रो प्राइवेट लिमिटेड के यहां छापा मारा। टीम ने प्रीत लाइट ब्रांड घी, मिल्क फैट और रिफाइंड सोयाबीन ऑयल का नमूना लिया। सिकंदरा स्थित शिव स्वीट के यहां से पनीर का नमूना भरा। खेरागढ़ स्थित पीसी सिंघल डेयरी प्रोडक्ट एंड चिलिंग पर छापा मारकर मिश्रित दूध का नमूना लिया है।
सहायक आयुक्त औषधि ने कोठी मीनाबाजार स्थित सत्तोलाल के प्रतिष्ठान पर छापा मारा। यहां पर टीम को गंदगी मिली। टीम ने रंगी हुई पिस्ता मिठाई, रंगीन पेठा मिठाई और चांदी बर्क का नमूना लिया। सहायक आयुक्त खाद्य अजय जैसवाल ने बताया कि प्रतिष्ठान पर साफ-सफाई नहीं थी, गंदगी में सामग्री बनाई जा रही थी। रंग की मात्रा अधिक प्रतीत हुई। तीन नमूने लेकर जांच को भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
सांकेतिक फोटो