आगरालीक्स…(12 July 2021 Agra News) आगरा में निकली श्री जगन्नाथ जी की रथयात्रा. वीडियो में देखें कैसे मृदंग-मजीरों संग संकीर्तन करते चले श्रद्धालु
- कोविड प्रोटोकॉल के साथ सांकेतिक रूप से निकली श्रीजगन्नाथ रथयात्रा
- बल्केश्वर महादेव मंदिर से हुआ रथयात्रा का शुभारम्भ
- जगह-जगह पुष्प वर्षाकर हुआ रथयात्रा का स्वागत, कमला नगर श्रीजगन्नाथ मंदिर पर आरती के साथ हुआ समापन
श्रीहरि को श्रीफल समर्पित किया
मंजीरे, मृदंग और झांझ के भक्तिमय संगीत पर संकीर्तन करते हुए आज श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा का आयोजन किया गया। बल्केश्वर महादेव मंदिर से श्रीहरि को श्रीफल समर्पित कर भक्तों ने कोविड प्रोटोकॉल के नियमों का पालन करते हुए सांकेतिक रूप से रथयात्रा निकाली। जिसका समापन बल्केश्वर व कमला नगर क्षेत्र में भ्रमण करते हुए रश्मि नगर स्थित श्रीजन्नाथ मंदिर पर हुआ। रथयात्रा में विराजमान श्रीहरि संग बहन सुभद्रा व भाई बलराम के विग्रह स्वरूपों (छोटे स्वरूपों) का जगह-जगह पुष्प वर्षा कर श्रद्धालुओं ने स्वागत किया।
भक्ति भाव का बहा सैलाब
कोविड के कारण प्रतिवर्ष की तरह बेशक हजारों श्रद्धालु नहीं थे इस बार की रथयात्रा में। लेकिन श्रद्धालुओं के हृदय में भक्ति-भाव का वही सैलाब था। जिस क्षेत्र से श्रीजगन्नाथ जी की रथयात्रा गुजरी, दर्शन को भक्तजन अपने घरों से बाहर निकल आए। कुछ देर शामिल हुए और शीश नवा कर कोविड के नियमों का पालन करते हुए लग हो गए। कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ रथयात्रा के पहुंचने पर मंदिर के अध्यक्ष अरविन्द स्वरूप ने शंखनाद कर श्रीहरि की आरती कर विग्रह स्वरूपों को मंदिर में विराजमान किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से शैलेन्द्र अग्रवाल, राहुल बंसल, विमल नयन फतेहपुरिया, अखिल बंसल, ओमप्रकाश अग्रवाल, अमित बंसल, विकास बंसल, आशू मित्तल, हर्ष खटाना, राजीव मल्होत्रा, अनिल चंद्र अग्रवाल, अनिल गुप्ता, गोपाल नारायण, ललित, माधव प्रभु, राजीव गुप्ता, रमेश यादव आदि उपस्थित थे।
परम्परागत भोग खिचड़ी का हुआ भंडारा
श्रीजगन्नाथ जी के प्रिय व्यंजनों में से एक खिचड़ी का भोग लगाया गया। रथयात्रा के कमला नगर स्थित श्रीजगन्नाथ मंदिर पहुंचने पर सभी भक्तों को खिचड़ी का प्रसाद वितरित किया गया। इस अवसर पर मंदिर में फूल बंगला का आयोजन किया गया।