आगरालीक्स…आगरा से सटे टूंडला में दर्दनाक एक्सीडेंट. ट्रक ने मोपेड सवार मां—बेटी को रौंदा. दोनों की मौत…
आगरा से सटे टूंडला में आज शाम को दर्दनाक एक्सीडेंट हुआ है. हाइवे पर ससुर के साथ मोपेड पर जा रही मां—बेटी को ट्रक ने रौंद दिया. दोनों की मौके पर ही मौत हो गई. वहीं ससुर घायल हुआ है. पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. मां—बेटी की मौत से परिजनों में कोहराम मच गया है.
बहू और नातिन को लेकर जा रहे थे गांव
थाना मटसेना के गांव हलपुरा में महादेव प्रसाद रहते हैं. आज शाम करीब साढ़े चार बजे महादेव अपनी पुत्रवधु शकुंतला और उसकी बेटी 12 साल की नाभ्या को लेकर मोपेड से टूंडला की ओर से अपने गांव जा रहे थे. हजरतपुर के पास रामश्याम व विशन ढाबे के बीच उनकी मोपेड का संतुलन बिगड़ गया. मोपेड सड़क पर जा गिरी लेकिन पीछे से आ रहे ट्रक ने शकुंतला और नाभ्या को रौंद दिया. इसके चलते दोनों मां—बेटी की मौके पर ही मौत हो गई. महादेव प्रसाद दूसरी तरफ गिरने से घायल हुए हैं.
सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंच गई. पुलिस ने मां—बेटी के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है. घायल महादेव प्रसाद ने बताया कि कुछ समय पहले उनके बेटे नरेंद्र की मौत हो चुकी है.