आगरालीक्स…दर्दनाक, आगरा—मथुरा हाइवे पर रात ढाई बजे मौत की रेस..दो बाइकों पर सवार पांच दोस्तों में लगी शर्त. फरह के पास एक्सीडेंट में दो की मौत, तीन घायल
आगरा मथुरा हाइवे पर शुक्रवार को रात ढाई बजे दो बाइकों पर सवार पांच दोस्तों के बीच रेस लग गई. फरह के पास दोनेां की बाइकें तेज रफ्तार में एक दूसरे से टकरा गईं. टक्कर लगते ही बाइक सवार पांचों दोस्त हवा में उछल गए. बाइकों के भी परखच्चे उड़ गए. सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि तीन का उपचार चल रहा है. एत्माद्दौला थाना क्षेत्र के तेडेश्वर महादेव कॉलोनी में 19 साल का शिवम रहता था. राया के सुल्तानगंज में रहने वाला 22 साल का राशिद इसका दोस्त था. रात करीब ढाई बजे दोनेां के बीच बाइक रेस की शर्त लगी. एक बाइक पर दो लोग और दूसरी बाइक पर तीन दोस्त सवार थे. रैपुराजाट फ्लाईओवर के ऊपर एक दूसरे से आगे निकलने की होड़ में दोनों बाइकें असंतुलित होकर आपस में बुरी तरह टकरा गईं. हादसे में बाइक सवार पांचों लोग उछलकर दूर जा गिरे. यहां से गुजर रहे टैक्सी चालक ने पुलिस को इसकी सूचना दी. टक्कर के बाद दोनों बाइकें भी बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गईं. पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी फरह भेजा, जहां शिवम की मौत हो गई. आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज में रेफर होने पर राशिद ने भी दम तोड़ दिया. तीन अन्य युवक इशराक पुत्र रहीश निवासी कस्बा राया, अमन पुत्र कालीचरण निवासी राजपुर चुंगइ और बिलाल पुत्र मुन्ना निवासी राजपुर चुंगी का इलाज एसएन में चल रहा है.