आगरालीक्स…आगरा में वर्दी पहनकर रील बनाने वाले पुलिसकर्मियों पर एक्शन. 3 महिला सहित 8 पुलिसकर्मियों को किया लाइन हाजिर…पुलिस कमिश्नर बोले—बर्दाश्त नहीं
आगरा में वर्दी पहनकर सोशल मीडिया पर रील्स और फोटो पोस्ट करने वाले पुलिसकर्मियों पर एक्शन किया गया है. ऐसे 8 पुलिसकर्मियों को चिन्हित कर उन्हें लाइन हाजिर किया गया है. इनमें तीन महिला पुलिसकर्मी भी हैं. पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार ने सख्त निर्देश देते हुए कहा है कि बर्दाश्त नहीं की जाएगी आदेशों की अवहेलना. कार्रवाई की जद में आए पुलिसकर्मियों में 5 उपनिरीक्षक, 2 महिला उपनिरीक्षक और एक महिला आरक्षी है. संबंधित पुलिसकर्मी इंस्टाग्राम,फेसबुक और यूट्यूब जैसे प्लेटफार्म पर वर्दी में फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहे थे जो कि विभागीय नियमों के विरुद्ध है. इस मामले को गंभीरता से लेते हुए उच्चाधिकारियों ने इसे अनुशासनहीनता माना है. पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट किया है कि सोशल मीडिया पॉलिसी 2023 का पालन हर हाल में अनिवार्य है और आदेशों की अवहेलना बर्दाश्त नहीं की जाएगी.