आगरालीक्स…आगरा की मोतीगंज गल्ला मंडी बने आदर्श मंडी. जाम न लगे इसके लिए बने पार्किंग, सड़कों, नालियों को ठीक कराया जाए. रात को स्ट्रीट लाइटें भी यहां अपर्याप्त…व्यापारियों ने बताई जमीनी हकीकत
मोतीगंज खाद्य व्यापार समिति द्वारा मोतीगंज गल्ला मंडी के समग्र विकास और उसे आदर्श मंडी का दर्जा दिलाने की मांग को लेकर सहायक नगर आयुक्त अशोक प्रिय गौतम को ज्ञापन सौंपा गया। व्यापारियों ने मंडी की वर्तमान समस्याओं को गंभीर बताते हुए शीघ्र समाधान की मांग उठाई। नगर निगम कार्यकारिणी के 14वें अधिवेशन (दिनांक 25.09.2025) में प्रस्ताव संख्या-06 सर्वसम्मति से पारित किया जा चुका है, जिसमें मोतीगंज गल्ला मंडी का नाम बदलकर "आदर्श मोतीगंज गल्ला खाद्य मंडी" करने और उसे विकसित करने का निर्णय लिया गया था। इसके तहत सड़क, नाली और प्रकाश व्यवस्था जैसे कार्य भी कराए गए थे।व्यापारियों ने बताई जमीनी हकीकत
समिति के अध्यक्ष महावीर प्रसाद मंगल और महामंत्री शैलेन्द्र अग्रवाल (शालू) ने बताया कि मंडी ऐतिहासिक और प्रमुख व्यापारिक केंद्र है, जहां शहर और आसपास के जिलों से हजारों व्यापारी प्रतिदिन आते हैं। बावजूद इसके यहां मूलभूत सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे व्यापार प्रभावित हो रहा है।
ज्ञापन में व्यापारियों ने प्रमुख समस्याओं को रेखांकित करते हुए कहा कि—
मंडी में पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं है, जिससे जाम की स्थिति बनी रहती है।
सड़कों, नालियों और खड़ंजों की स्थिति अत्यंत खराब है, जिनका निर्माण एवं मरम्मत आवश्यक है।
वर्तमान स्ट्रीट लाइट व्यवस्था अपर्याप्त है, जबकि रात में माल लोडिंग-अनलोडिंग होती है।
साफ-सफाई का कार्य नियमित और बड़े स्तर पर नहीं हो रहा है।
महापौर के निर्देश भी अभी तक अधूरे
व्यापारियों ने बताया कि महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाह द्वारा दो वर्ष पूर्व मंडी को आदर्श मंडी बनाने के निर्देश दिए गए थे, लेकिन उन पर अभी तक पूर्ण रूप से अमल नहीं हो पाया है।
प्राथमिकता के आधार पर कार्य कराने की मांग
समिति ने नगर निगम प्रशासन से अनुरोध किया कि मोतीगंज मंडी के विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा कराया जाए, जिससे इसे वास्तविक रूप से आदर्श मंडी का स्वरूप दिया जा सके।
ज्ञापन सौंपने के दौरान के सदस्य श्रीनाथ बंसल, कृष्ण कुमार मित्तल, मयंक मंगल, अखिलेश गोयल, पवन गोयल आदि सदस्यों की उपस्थिति रही।