आगरालीक्स…आगरा में जब महिलाएं बाइकों पर फर्राटा भरते हुए निकलीं तो रोड पर देखने वाले देखते रह गए. आगरा में नारी शक्ति वंदन अधिनियम के समर्थन में महिला शक्ति ने दिखाया दम
चेहरे पर जोश! आंखों में उड़ान भरने की चमक लिए, उत्साह से भरपूर महिलाओं ने बुधवार को नारी शक्ति वंदन अधिनियम के संसद में पारित होने के मौके पर एमजी रोड पर स्कूटर व बाइक रैली निकाली। रैली को महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने हरी झंडी दिखाई और खुद भी स्कूटर पर सवार होकर रैली में प्रतिभाग किया। इसके बाद रैली सूरसदन चौराहा, संजय प्लेस, सेंट पीटर्स रोड होते हुए एमडी जैन इंटर कॉलेज पर समाप्त हुई।
इससे पहले नगर निगम प्रांगण में महिलाओं द्वारा मानव श्रृंखला बनाई गई। इस दौरान महिलाओं हस्ताक्षर अभियान भी चलाया, जिसमें शहर की महिलाओं ने हस्ताक्षर किए। इसके बाद रैली निकाली गई। रैली में शहर की सैंकड़ों महिलाओं, युवा महिला शक्ति ने जोश-ओ-खरोश के साथ प्रतिभाग किया। ऐसा लग रहा था मानो शहर की महिलाओं को नया आयाम मिल गया हो और उनके पंख लग गए हों। रैली के दौरान महिलाओं ने पीएम मोदी के जयकारे लगाए और रैली में नारी का सम्मान-देश का अभिमान, नारी की उड़ान-समाज की पहचान जैसे नारे सुनाई दिए।
महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा नारी शक्ति वंदन अधिनियम संसद में पारित कराकर देश की महिलाओं को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाया गया है। आज देश की प्रत्येक महिला भाई नरेंद्र मोदी जी को धन्यवाद ज्ञापित कर रही है। इसी क्रम में आगरा की महिला शक्ति द्वारा नरेंद्र भाई को धन्यवाद ज्ञापित करने के लिए स्कूटर रैली निकाली है। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी द्वारा की गई इस ऐतिहासिक पहल के कारण देश में महिलाओं को प्रतिनिधित्व करने का अवसर अवसर मिलेगा। अब महिलाएं अपनी आवाज खुद उठा सकेंगी।

एक स्कूटर पर सवार हुईं महापौर-जिला पंचायत अध्यक्ष
रैली के दौरान नारी शक्ति की एकता को पूरे शहर ने देखा। सभी महिलाओं ने एक स्वर में हुंकार भरी और खुशी के साथ नारेबाजी की। इस दौरान महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा और जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया एक ही स्कूटर पर सवार दिखीं।
महापौर ने ट्रैफिक रूल्स फॉलो करने की अपील की
रैली से पूर्व महापौर हेमलता दिवाकर कुशवाहा ने सभी शहरवासियों से ट्रैफिक नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सड़क पर चलने के दौरान अपनी सुरक्षा करना जरूरी है। इसलिए मैं सबसे पहले सभी बहनों से अपील करती हूं कि वे प्लीज अपनी सुरक्षा का ध्यान रखें और ट्रैफिक रूल्स को फॉलो करें और हेलमेट अवश्य पहनें। यह हेलमेट हमेशा आपके ब्रेन की रक्षा करेगा, हमारे देश में हेलमेट न पहनने के कारण रोजाना सड़क हादसों में सैंकड़ों लोग अपनी जान गंवा देते हैं। इसलिए आगे बैठें या पीछे, टू-व्हीलर पर बैठने पर हेलमेट अवश्य कैरी करें। उन्होंने कहा कि यदि सभी लोग ट्रैफिक नियमों का पालन करेंगे तो सड़कें और सुरक्षित हो जाएंगी।
जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया ने पीएम मोदी का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि महिलाओं को अब सड़क से संसद तक प्रतिनिधित्व मिलेगा। इससे समाज में महिलाओं की स्थिति मजबूत होगी। आने वाली पीढ़ी को इससे और लाभ मिलेगा। रैली में उपस्थित डॉ. निधि शर्मा ने कहा कि यह ऐतिहासिक क्षण हैं। नारी शक्ति वंदन अधिनियम से न केवल महिलाओं को प्रतिनिधित्व मिलेगा बल्कि देश अब डबल स्पीड से विकास की रफ्तार पर चलेगा। रैली में शामिल नंदिनी जीवनदायिनी ट्रस्ट की संचालिका नंदिनी सिंह ने कहा कि नये भारत में देश की नारी पुरुषों के साथ कदम से कदम मिलाकर चलेंगी। अब देश को विकसित बनाने की दिशा में तेजी आएगी। रैली के दौरान जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महानगर महिला मोर्चा अध्यक्ष उपमा गुप्ता, महानगर उपाध्यक्ष डॉ. निधि शर्मा, पार्टी पदाधिकारी सहित शहर की सैंकड़ों महिलाएं मौजूद रहीं।