आगरालीक्स…आगरा में होगा रफ्तार का रोमांच. 20 फरवरी को कार एवं बाइक रैली टाइम—स्पीड और डिस्टेंस पर आधारित होगी…नगर निगम के स्वच्छता अभियान से जुड़ी, होगी प्लास्टिक-फ्री
मोटरस्पोर्ट्स क्लब ऑफ आगरा की ओर से कार एवं बाइक रैली का आयोजन किया जा रहा है. क्लब द्वारा बताया गया कि यह रैली 20 फरवरी को आगरा से प्रारंभ होगी. 21 फरवरी को रैली झांसी के लिए प्रस्थान करेगी, जहाँ रात्रि विश्राम किया जाएगा. 22 फरवरी को रैली झांसी से वापस आगरा आएगी तथा उसी दिन पुरस्कार वितरण समारोह आयोजित किया जाएगा. शुक्रवार को रैली को लेकर एक बैठक की गई जिसमें निर्णय लिया गया कि आगरा कार रैली को नगर निगम के स्वच्छता अभियान से जोड़ा जाएगा तथा इसे प्लास्टिक-फ्री इवेंट के रूप में आयोजित किया जाएगा. नगर निगम की टीम भी रैली में भाग लेगी और शहर की सफाई, कचरा प्रबंधन एवं अन्य नगर सेवाओं में उपयोग होने वाले विशेष वाहनों का प्रदर्शन किया जाएगा. मोटरस्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा के प्रतिनिधि प्रशांत जैन, अमित मित्तल, रचित अग्रवाल, हेमंत जैन एवं अर्पित अग्रवाल ने नगर आयुक्त आयुक्त अंकित खंडेलवाल से आगामी आगरा कार रैली के संबंध में मुलाकात की। बैठक में अंकित अग्रवाल भी उपस्थित रहे. नगर आयुक्त अंकित खंडेलवाल ने रैली के प्रस्तावित रूट एवं आयोजन की पूरी रूपरेखा को समझा और टीएसडी (टाइम-स्पीड-डिस्टेंस) रैली की अवधारणा पर जानकारी ली. उन्हें बताया गया कि यह रैली केवल गति पर आधारित नहीं होती, बल्कि सही नेविगेशन और निर्धारित समय में निर्धारित दूरी तय करने पर केंद्रित होती है. इस अवसर पर उन्होंने आगरा कार रैली के पोस्टर का विमोचन भी किया. मोटरस्पोर्ट क्लब ऑफ आगरा ने नगर निगम के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए रैली को सुरक्षित, अनुशासित एवं पर्यावरण-अनुकूल तरीके से आयोजित करने का आश्वासन दिया.