आगरालीक्स…आगरा के कमला नगर में पांच भवन सील. आवास विकास परिषद की कार्रवाई.
उत्तर प्रदेश आवास एवं विकास परिषद ने अवैध निर्माणों के विरुद्ध अपना अभियान लगातार दूसरे दिन भी जारी रखते हुए कमला नगर योजना में पांच अवैध भवनों को सील कर दिया। यह कार्रवाई उच्चाधिकारियों के निर्देशों के अनुपालन में अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल के निर्देशन तथा अधिशासी अभियंता डी.बी. यादव के अधीन संपन्न हुई। प्रवर्तन दल अधिकारी कर्नल जी.एम. ख़ान ने बताया कि परिषदीय प्रवर्तन दल ने अभियंताओं द्वारा चिन्हित पांच भवनों पर स्थानीय पुलिस की उपस्थिति में सीलिंग की कार्रवाई की। जिन संपत्तियों को सील किया गया, उनमें बी-507 (श्री मनीष बंसल), बी-582 (श्रीमती सीता देवी), बी-608 (श्री उमेश गोयल), डी-82 (श्री पंकज जैन) तथा ई-725 (श्रीमती नीतू गुप्ता) शामिल हैं।उन्होंने बताया कि संबंधित भवन स्वामियों को परिषद की ओर से पूर्व में कई बार नोटिस जारी कर स्वीकृत मानचित्र एवं अन्य आवश्यक अभिलेख प्रस्तुत करने तथा नियमानुसार शमन की कार्रवाई कराने का अवसर दिया गया था। बावजूद इसके, नोटिसों की लगातार अनदेखी किए जाने के कारण परिषद को नियमानुसार सीलिंग की कार्रवाई करनी पड़ी।
अधीक्षण अभियंता पंकज कुमार पाल ने कहा कि परिषद की किसी भी योजना में भवन निर्माण से संबंधित नोटिस प्राप्त होने पर उसे गंभीरता से लें। संबंधित संपत्ति स्वामी परिषद कार्यालय में उपस्थित होकर समय रहते सभी आवश्यक औपचारिकताएं एवं शमन की प्रक्रिया पूर्ण कराएं। उन्होंने स्पष्ट किया कि परिषद की योजनाओं में अवैध निर्माण किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किए जाएंगे तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध आगे भी इसी प्रकार कठोर कार्रवाई निरंतर जारी रहेगी। सीलिंग अभियान के दौरान परिषद का प्रवर्तन दल के साथ सहायक अभियंता योगेश, अवर अभियंता प्रशांत, मानचित्रक सुरेन्द्र तथा कमला नगर चौकी का पुलिस बल मौजूद रहा।