आगरालीक्स… आगरा में बच्चों ने रात में अरहर की दाल और रोटी खाई, इसके बाद बच्चों के पेट में दर्द और उल्टी दस्त होने लगे। 20 बच्चों को एसएन और जिला अस्पताल में भर्ती किया गया है।
आगरा के रुनकता में मां दुर्गा संस्थान द्वारा किराए के छह कमरों में अनाथ आश्रम चलाया जा रहा है। इसमें से दो कमरे में केयर टेकर नेहा यादव अपने परिवार के साथ रहती है, एक कमरे में रसोई है। तीन कमरों में 60 बच्चे रहते हैं। मंगलवार रात को बच्चों को अरहर की दाल और रोटी दी गई। गर्मी में बच्चे खाना खाने के बाद छत पर सोने चले गए। रात तीन बजे के बाद बच्चों के पेट में दर्द, उल्टी और दस्त होने लगे। बच्चों को अनाथालय में ही दवा दी गई, इसके बाद तबीयत बिगडती चली गई। बच्चे बुखार से कांपने लगे।
एंबुलेंस से भेजा एसएन
सुबह नौ बजे 108 और 102 नंबर एंबुलेंस पर फोन किया गया, एंबुलेंस से बच्चों को एसएन भेजा गया। यहां 18 में से 6 बच्चों को दवा देकर लौटा दिया, 12 बच्चे भर्ती हैं। दो बच्चों को बाद में भेजा गया। बच्चों को फूड प्वाइजनिंग की शिकायत पर अधिकारियों की टीम अनाथआश्रम पहुंच गई। यहां से खाने के सैंपल लिए गए हैं, साथ ही पानी की भी जांच कराई गई है।
अनाथ आश्रम में पहुंची टीम
बुधवार शाम को मां दुर्गा अनाथ आश्रम पर एसडीएम किरावली अनीता सिंह पहुंची। उन्हें केयर टेकर नेहा यादव ने बताया कि 11 महीने पहले अनाथ आश्रम शुरू किया गया है। विधवा मां, बुजुर्ग परिजन अपने बच्चों को छोड़ जाते हैं। दानदाता आश्रम का खर्च उठाते हैं।
सीएमओ डॉ. मुकेश वत्स ने बताया कि गर्मी और फूड पाइजनिंग की वजह से बच्चों की तबियत खराब हुई।