आगरालीक्स…. आगरा के डॉक्टरों के संगठन आईएमए ने मेयर प्रत्याशियों को सच से सामना कराने के लिए बुलाया, भाजपा प्रत्याशी नवीन जैन नहीं आए, बसपा प्रत्याशी दिगंबर सिंह धाकरे ने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में बंद डिस्पेंसरी को शुरू कराया जाएगा।
गुरुवार को इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा दिल्ली गेट स्थित रवि हॉस्पीटल में सभी पार्टियों के मेयर प्रत्याशियों के साथ कार्यक्रम का आयोजन किया। प्रत्याशियों को स्वास्थ्य, शिक्षा व पर्यटन से जुड़ी मांगों का मांग पत्र भी प्रस्तुत किया। डॉक्टरों ने जब सवाल किए तो प्रत्याशियों ने आवश्वासन दिया, डॉक्टरों की हर समस्या को मेयर बनने पर दूर करने का भरोसा दिया।बसपा मेयर पद के प्रत्याशी दिगम्बर सिंह धाकरे, सपा से राहुल चतुर्वेदी, कांग्रेस से विनोद बंसल व आप पार्टी के राजेश गुप्ता मौजूद रहे। संचालन आईएमए सचिव ओपी यादव व अनुपम गुप्ता ने किया। अतिथियों का स्वागत माला पहनाकर डॉ. सुनील शर्मा व डॉ. पंकज नगाइच ने किया। धन्यवाद ज्ञापन आईएमए अध्यक्ष डॉ. रवि पचौरी ने दिया।
भाजपा प्रत्याशी का हुआ इंतजार
कार्यक्रम में भाजपा से मेयर प्रत्याशी नवीन जैन नहीं पहुंचे, कुछ डॉक्टरों ने चुटकी लेते हुए कहा कि डिबेट से बचने के लिए वे नहीं आए हैं, उन्होंने अपने पार्टी के पदाधिकारियों के माध्यम से संदेश पहुंचाया कि कार्यक्रम में व्यस्त रहने के कारण नहीं आ सके।
बसपा प्रत्याशी दिगम्बर सिंह धाकरे

बसपा मेयर पद के प्रत्याशी दिगम्बर सिंह धाकरे ने कहा कि नगर निगम में पैसे की कमी नहीं बल्कि सही और शहर की जनता के लिए काम करने की नीयत होनी चाहिए। नगर निगम की डिस्पेंसरी व इन्फेक्टिव डिजीज हॉस्पीटल को व्यवस्थित कर बेहतर बनाने का प्रयास किया जाएगा, जिससे गरीब लोगों को उचित स्वास्थ्य लाभ मिल सके। परिषदीय स्कूलों को भी सुधारा जाएगा, जो नगर निगम की लापरवाही के कारण धीके-धीरे बंद हो रहे हैं। बायोमेडिकल वेस्ट के उचित निस्तारण व झोलाछाप डाक्टरों पर अंकुश लगाया जाएगा।
सपा प्रत्याशी राहुल चतुर्वेदी
यदि मैं समाजवादी पार्टी का प्रतिनिधित्व करते हुए मेयर बनता हूं तो सबसे पहले मेरी प्राथमिकता घर-घर में शुद्ध पेयरजल उपलब्ध कराना होगा। साथ ही इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा की गई मांगों को पूरा करने के लिए एक एसोसिएशन के लोगों के साथ मिलकर एक कमेटी गठित की जाएगी। जो स्वास्थ्य व शिक्षा से जुड़ी सभी समस्याओं के निवारण पर काम करेगी। कचरे से बिजली बनाने के जो संयत्र बंद पड़े हैं उन्हें ठीक कराया जाएगा। सीवेज ट्रीटमेंट सिस्टम को सुधारा जाएगा जिससे यमुना मैया में मैला न गिरे।
कांग्रेस प्रत्याशी विनोद बंसल
कांग्रेस मेयर पद के प्रत्याशी ने कहा कि शहर की जनता को पर्याप्त पानी उपलब्ध हो इसके लिए बांध का बनना बेहद जरूरी है। मैं मेयर बनता हूं तो मेरी प्राथमिकता बांध बनवाने की होगी। साथ ही आईएमए द्वारा की गई मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।
आप प्रत्याशी राजेश गुप्ता
आप पार्टी के प्रत्याशी राजेश गुप्ता ने भी आईएमए द्वारा की गई सबी मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया।