आगरालीक्स… आगरा में ब्रिटेन की रॉयल एयर फोर्स के वायुसेना अध्यक्ष सर स्टीफन हिलेयर अपनी पत्नी लेडी एलिन हिलेयर के साथ गुरुवार को पहुंचे। यहां उन्होंने वायु सेना स्टेशन का दौरा किया। अपनी पत्नी के साथ उन्होंने ताजमहल का दीदार किया। इस दौरान एयर कमोडोर महेश भास्कर असेरकर व वायुसेना पत्नी कल्याण संगठन (स्थानीय) की अध्यक्ष सिमन्तिनी असेरकर ने उनका स्वागत किया।

एयर चीफ मार्शल को स्टेशन की संक्रियात्मक गतिविधियों के बारे में वायुसेना स्टेशन के मुख्य संक्रिय अफसर ग्रुप कैप्टन जेएस राजपूत ने अवगत कराया। उसके बाद छाताधारी प्रशिक्षण स्कूल का भी उन्होंने दौरा किया। यहां उन्होंने कार्मिकों से बातचीत की। साथ ही शिक्षण संबंधी गतिविधियों का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने आकाशगंगा का सजीव पैराड्रॉप देखने के बाद 78 स्क्वाड्रन वायुसेना को भी देखा। इधर, लेडी एलिन हिलेयर को आफवा द्वारा संचालित कल्याण गतिविधियों एवं गरीब बच्चों के लिए चलाए जाने वाले शिक्षा केंद्र ‘उम्मीद विधा किरन स्कूल का अवलोकन कराया। यहां दिव्यांग बच्चों ने लेडी हिलेयर से एक-एक कर वार्तालाप किया। इस दौरान बच्चों के चेहरे खुशी से खिल उठे।