आगरालीक्स…आगरा कॉलेज में बीए एलएलबी सत्र 2025-26 की प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी. जानिए क्या है मेरिट और काउंसलिंग की तारीख
आगरा कॉलेज, आगरा के प्राचार्य प्रोफेसर सीके गौतम द्वारा शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु बीए एलएलबी (पाँच वर्षीय समेकित पाठ्यक्रम) की प्रथम कट-ऑफ मेरिट सूची जारी की गई है। प्राचार्य प्रो. सीके गौतम ने बताया कि प्रवेश हेतु कट-ऑफ सूची विश्वविद्यालय के मानकों के अनुरूप तैयार की गई है। प्रकाशित मेरिट सूची के अनुसार —
सामान्य वर्ग (Open Category): 109.20 अंक
अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC Category): 97.66 अंक
दिव्यांग वर्ग (Divyang Category): 66.63 अंक
अनुसूचित जाति (SC Category): 93.90 अंक
अनुसूचित जनजाति (ST Category): 91.80 अंक
आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS Category): 80.38 अंक
निर्धारित किए गए हैं।
बीए एलएलबी प्रवेश समन्वयक प्रोफेसर संजीव शर्मा ने अवगत कराया कि काउंसलिंग एवं दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया विधि संका, आगरा कॉलेज में सुबह 10 बजे से दोपहर दो बजे तक आयोजित की जाएगी।
सामान्य वर्ग की काउंसलिंग — 18 नवम्बर 2025
ओबीसी वर्ग की काउंसलिंग — 19 नवम्बर 2025
अनुसूचित जाति/जनजाति वर्ग की काउंसलिंग — 20 नवम्बर 2025
ईडब्ल्यूएस वर्ग की काउंसलिंग — 21 नवम्बर 2025 को संपन्न होगी।
मीडिया प्रभारी डॉ. गौरव कौशिक ने बताया कि अभ्यर्थियों को परामर्श के समय अपने सभी मूल प्रमाणपत्रों — हाई स्कूल एवं इंटरमीडिएट की अंकतालिका, जाति प्रमाणपत्र, निवास प्रमाणपत्र, समर्थ वेब पंजीकरण, ट्रांसफर प्रमाणपत्र, चरित्र प्रमाणपत्र, दो पासपोर्ट आकार के फोटोग्राफ, कॉलेज ऑनलाइन आवेदन प्रिंट एवं संलग्न दस्तावेजों के साथ ₹425/- की रसीद — प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।
कॉलेज प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि काउंसलिंग के उपरांत प्रवेश स्वीकृत अभ्यर्थियों को पाँच कार्य दिवसों के भीतर शुल्क जमा करना अनिवार्य होगा, अन्यथा प्रवेश स्वतः निरस्त माना जाएगा। निर्धारित तिथि पर अनुपस्थित रहने वाले अभ्यर्थियों का प्रवेश दावा स्वीकार नहीं किया जाएगा। डॉ. गौरव कौशिक ने आगे बताया कि यह मेरिट सूची विश्वविद्यालय के निर्धारित मानकों — हाई स्कूल 50% + इंटरमीडिएट 100% + अतिरिक्त वेटेज अंकों — के आधार पर तैयार की गई है।