आगरालीक्स ..Agra News: आगरा मे जूता कारोबारी की फर्म से ताला तोड़कर 22 लाख कैश चोरी, पुलिस ने बरामद किए 97 लाख, जानें पूरा मामला। ( Agra News: Agra Police recover more than three time cash theft from Businessman firm in Agra)
आगरा के तनिष्क ग्रीन अपार्टमेंट, ओल्ड विजय नगर कॉलोनी के रहने वाले जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी की मोती कटरा में हरमीरा फुट केयर के नाम से फर्म है। जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी ने सोमवार यानी छह जनवरी को थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज कराया। इसमें उन्होंने बताया कि रविवार यानी पांच जनवरी की रात नौ बजे फर्म को बंद कर अपने घर आ गए थे, सुबह छह जनवरी को सुबह 8.48 बजे चौकीदार का फोन आया। उसने बताया कि दुकान के ताले टूटे हुए हैं, वे दुकान पर पहुंचे। दुकान पर पहुंचने के बाद उन्होंने गल्ले की दराज चेक की, एक दराज अंदर थी और एक बाहर थी । दराज से करीब 20 से 22 लाख रुपये चोरी होने पर थाना एमएम गेट में मुकदमा दर्ज किया गया।
पुलिस ने चोर के घर से बरामद किए 97 लाख
जूता कारोबारी हरीश कुमार वंजानी ने पुलिस को बताया कि जिस गल्ले की दराज से 22 लाख रुपये चोरी हुए उसका लॉक बंद था। डुप्लीकेट चाबी से दराज खोलकर चोरी की गई। पुलिस ने दुकान में काम करने वालों की छानबीन की। मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, पुलिस को दुकान में काम करने वाले पर शक हुआ, उससे पूछताछ के बाद पुलिस उसके घर पहुंच गई। उसके घर से पुलिस ने 97 लाख रुपये कैश बरामद किया है। पुलिस जांच में जुटी हुई है और जल्द ही पुलिस पूरे मामले का खुलासा करेगी।