आगरालीक्स…आगरा में चेकिंग करने गई बिजली विभाग की टीम को एसडीओ सहित बनाया बंधक. आरोप-घरों की छत पर चढ़कर केबल काटने के नाम पर देख रहे थे महिलाओं को….
आगरा के थाना शमसाबाद अंतर्गत ग्राम धिमश्री में आज चेकिंग करने गई विद्युत विभाग की टीम को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया. बंधक बनाई गई टीम में एसडीओ भी थे. ग्रामीणों का आरोप है कि बिजली विभाग की टीम घर की छतों पर केबल काटने के नाम पर घरों में नहा रही महिलाओं की ताका-झांकी कर रहे थे. जानकारी होते ही एसडीएम फतेहाबाद जेपी पांडे और सीओ फतेहाबाद सौरभ सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे. ग्रामीण एसडीओ पर कार्रवाई की मांग करने लगे.

सूचना के बाद पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह भी वहां पहुंचे. उनके साथ बिजली विभाग के तृतीय अवर अभियंता प्रभाकर सिंह भी मौजूद रहे. पूर्व विधायक ने बिजली विभाग के अधिकारियों से बातचीत कर ग्रामीणों को शांत कराया. प्रभाकर सिंह ने कहा कि एसडीओ को हटा दिया गया है. पूर्व विधायक का कहना है कि प्रदेश में सूखे के हालात हैं. सरकार की मंशा है कि किसानों व लोगों पर बिजली बकाया निलंबित रखा जाए. सरकार मदद कर रही है लेकिन अधिकारी सरकार की छवि को खराब कर रहे हैं.