आगरालीक्स…आगरा में 53 नेत्रदान दाताओं के परिजनों को बुलाकर स्मृति चिन्ह देकर किया गया सम्मानित. एसएन मेडिकल कॉलेज में मनाया गया 37वां नेत्रदान पखवाड़ा
राष्ट्रीय अंधता कार्यक्रम के अंतर्गत देशभर में हर वर्ष (25 अगस्त से 8 सितंबर) मनाए जाने वाले नेत्र पखवाड़े श्रृंखला में इस वर्ष भी 37 वा नेत्रदान पखवाड़ा सरोजनी नायडू मेडिकल कॉलेज के नेत्र विभाग में बहुत जोर शोर से मनाया गया। जिसका समापन समारोह 8 सितंबर गुरुवार को हुए कार्यक्रम में विगत वर्ष किए गए 53 नेत्रदान दाताओं के परिजनों को बुलाकर स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। समापन समारोह के विशिष्ट अतिथि. माननीय विधायक श्री पुरुषोत्तम खंडेलवाल जी ने भी गत वर्ष अपनी भाभी जी का मृत्युपरांत नेत्रदान करा कर समाज में एक मिसाल कायम की, उन्होंने विभाग में चल रहे पुतली प्रत्यारोपण के कार्य की भूरी भूरी प्रशंसा की व लोगों से नेत्रदान करने की अपील की ।
प्राचार्य डॉ प्रशांत गुप्ता ने भी समाज के लोगों से अपील की वह नेत्रदान के कार्य में सहभागी बने,प्राचार्य डॉक्टर प्रशांत गुप्ता जी ने बताया कि कॉर्निया के कार्य हेतु एक अलग से ऑपरेशन थिएटर प्रस्तावित किया गया है, जिससे कि कॉर्निया का कार्य बाधित ना हो। समारोह में उपस्थित अतिथि पूर्व विभागाध्यक्ष डॉ एस के सत्संगी ने आई बैंक इंचार्ज डॉ शेफाली मजूमदार की प्रशंसा की। जिन्होंने अपने अथक परिश्रम से इस पुतली प्रत्यारोपण के कार्य को प्रदेश स्तर पर एक नई ऊंचाई प्रदान की है। समारोह में उपस्थित शहर के विख्यात नेत्र सर्जन डॉ असीम अग्रवाल, डॉ प्रदीप साने व मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ मोहनलाल अरोरा ने भी इस वर्ष अपने परिजनों व निकट संबंधियों का नेत्रदान करा कर समाज को एक महत्वपूर्ण संदेश दिया। कॉर्निया प्रत्यारोपण की सराहना की, समारोह में सामाजिक संस्थाएं जैसे आगरा विकास मंच, क्षेत्रीय बजाजा कमेटी, हेल्प आगरा व सत्यमेव जयते के अध्यक्ष राजकुमार जैन , मुकेश जैन, राजीव अग्रवाल की उपस्थिति भी उल्लेखनीय रही।

नेत्रदान के कार्य में इन संस्थाओं का सहयोग अतुलनीय रहा है।आई बैंक इंचार्ज व कॉर्निया हेड डॉक्टर शेफाली मजूमदार ने बताया कि विभाग ने पुतली प्रत्यारोपण की उन्नत तकनीकों जैसे DALK ,DSEK आदि ऑपरेशन भी किए जाते हैं जो कि प्रदेश में मात्र कुछ ही जगह पर संभव है। नेत्र पखवाड़े में नेत्रदान की जागरूकता बढ़ाने के लिए एमबीबीएस छात्र व छात्राओं के द्वारा मंचित नुक्कड़ नाटक एवं नेत्रदान विषयक चित्रकारी के लिए उनको पुरस्कृत भी किया गया, इसी क्रम में विभाग की सिस्टर दीपिका डेनियल व काउंसलर दीपक शर्मा को आई बैंक की सेवावों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का संचालन सीनियर रेजिडेंट डॉ. अंजली के द्वारा किया गया एवं डॉ. महक,डॉ. मुकेश, डॉ. दिनेश और डॉ. मिरेन का भी सहयोग रहा।