आगरालीक्स…आगरा में श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार ने गौ माता को अर्पित किए छप्पन भोग. गोवर्धन धाम में लगेंगे छप्पन भोग मनोरथ
आगामी दिसंबर माह में गोवर्धन धाम में आयोजित होने जा रहे दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ महोत्सव की सफलता एवं दिव्यता की कामना के साथ श्री गिरिराज जी सेवक मंडल परिवार द्वारा सोमवार को बल्केश्वर स्थित गौशाला प्रांगण में प्रथम सेवा कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत गौ माता को छप्पन भोग अर्पित किए गए। भोग में विविध प्रकार की शाक-सब्जियां, दालें, मिष्ठान एवं पारंपरिक व्यंजन शामिल थे। श्रद्धा और भक्ति के वातावरण में सभी सेवक सदस्यों ने एक स्वर में “जय श्री गिरिराज महाराज की” उद्घोषणा करते हुए गौ माता की आरती और पूजन किया।
कार्यक्रम का शुभारंभ चरण सेवक अजय गोयल, मनोज कुमार गर्ग, श्याम सुंदर महेश्वरी, पवन कुमार अग्रवाल, मनीष गोयल और नीरज अग्रवाल ने श्री गिरिराज जी एवं गौ माता के पूजन से किया। इसके उपरांत सभी श्रद्धालुओं ने हरिनाम संकीर्तन के साथ गौ सेवा करते हुए गौ माता को साड़ी उढ़ाई और भक्ति भाव से छप्पन भोग समर्पित किए। कार्यक्रम का समापन प्रसादी वितरण के साथ हुआ। सभी ने यह संकल्प लिया कि आगामी 22 दिसंबर 2025 से गोवर्धन धाम में होने वाले दो दिवसीय छप्पन भोग मनोरथ महोत्सव को दिव्य एवं भव्य बनाने में तन-मन-धन से सहयोग प्रदान करेंगे।