आगरालीक्स…आगरा में ग्रेटर आगरा और मेडिसिटी सेंटर पर अब होगा फोकस. प्रमुख सचिव ने देखें प्रजेंटेशन. जानें कहां बनने जा रहा है ग्रेटर आगरा
ग्रेटर नोएडा की तर्ज पर प्रस्तावित आगरा में ग्रेटर आगरा और मेडिसिटी सेंटर प्रोजेक्ट पर फोकस करने के निर्देश प्रमुख सचिव ने दिए हैं. उन्होंने दोनों ही प्रोजेक्ट को पसंद करते हुए इनको लेकर जल्द बैठक करने का जोर डीएम नवनीत सिंह चल को दिया. प्रमुख सचिव आवास एवं शहरी नियोजन नितिन रमेश गोकर्ण ने इसका प्रजेंटेशन भी देखा और एउीए को इसकी ब्रांडिंग करने के लिए भी कहा.
प्रमुख सचिव को एडीए अधिकारियों ने ग्रेटर आगरा और मेडिसिटी प्रोजेक्ट का प्रजेंटेशन दिया और उनहें बताया कि ग्रेटर आगरा और मेडिसिटी सेंटर इनर रिंग रोड के पास विकसित किए जाएंगे. प्रजेंटेशन में एडीए उपाध्यक्ष चर्चित गौड़, सचिव गरिमा सिंह, मुख्य नगर नियोजक राजेंद सिंह अन्य अधिकारी मौजूद रहे. डीएम नवनीत सिंह चल ने बताया कि जल्द ही एडीए अधिकारियों के साथ इन दोनों ही प्रोजेक्ट को लेकर बैठक की जाएगी. ग्रेटर आगरा और मेडिसिटी सेंटर का कार्य तेजी से पूरा किया जाएगा.

यहां विकसित किया जाएगा ग्रेटर आगरा
एडीए द्वारा इनर रिंग रोड के पास 612 हेक्टेयर जमीन पर ग्रेटर आगरा विकसित करने की कवायद एक साल पहले की गई थी. इसके लिए एडीए ने बैंक आफ महाराष्ट्र से 300 करोड़ रुपये का लोन ले लिया. एडीए प्रोजेक्ट को लेकर एक साल पहले उद्योगपतियों के साथ भी एडीए अधिकारियों की बैठक हो चुकी है. इस प्रोजेक्ट में 50 वर्ग मीटर से लेकर 400 वर्ग मीटर तक के भूखंड होंगे. प्राथमिक विद्यालय और डिग्री कॉलेज भी होंगे. इसके अलावा अस्पताल भी खोला जाएगा. सीवर, पानी और गैस लाइन बिछाई जाएगी. स्वीमिंग पूल सहित अन्य सुविधाएं भी होंगी.
इसी तरह एत्मादपुर मदरा में 124 हेक्टेयर में मेडिसिटी सेंटर विकसित किया जाएगा. यह भी एडीए की जमीन पर होगा. इसमें एक ही छत के नीचे डॉक्टर मिल सकेंगे. यह इनर रिंग रोड के कुछ दूरी पर होगा.