आगरालीक्स…आगरा में जैसे ही डिप्टी सीएम मंच पर बोलने आए, लाइट चली गई..15 मिनट तक मंच पर करते रहे इंतजार. जेनरेटर चालू होने के बाद बोले—बिजली अधिकारियों पर होगी कार्रवाई
उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को आगरा पहुंचे. वो यहां पर फतेहाबाद के पैंतीखेड़ा गांव में जन चौपाल को संबोधित करने आए थे लेकिन जैसे ही वो मंच पर संबोधन के लिए पहुंचे, तभी लाइट चली गई. ऐसे में करीब 15 मिनट तक डिप्टी सीएम मंच पर खड़े होकर लाइट आने का इंतजार करते रहे. इसके बाद भी जब लाइट नहीं आई तो जेनरेटर शुरू किया गया, जिसके बाद उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया और सबसे पहले कहा कि बिजली विभाग ने गड़बड़ कर दी. उनके खिलाफ तो कार्रवाई करेंगे. जिलाधिकारी अरविंद मल्लप्पा बंगारी ने कार्यक्रम के बीच में बाधित हुई विद्युत आपूर्ति की तत्काल जांच प्रचलित कर संबंधित के विरुद्ध कठोर दंडात्मक कार्यवाही के कड़े निर्देश दिए हैं. जिलाधिकारी ने संबंधित टेंट एजेंसी को भी ब्लैक लिस्टेड करने व एफआईआर करने को निर्देशित किया है.
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य शुक्रवार को साढ़े 12 बजे आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पर पहुंचे. एयरपोर्ट पर जनप्रतिनिधियों ने उनका स्वागत किया. यहां से वे कार द्वारा सीधे सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने प्रेस कांफ्रेंस की.इसके बाद वे फतेहाबाद में जी रामजी बिल पर जन चौपाल को संबोधित करने गए लेकिन जैसे ही उन्होंने मंच पर पहुंचकर संबोधन शुरू किया कि लाइट कट गई. इससे मौजूद अधिकारियों में हड़कंप मच गया. 15 मिनट तक लाइट नहीं आई और डिप्टी सीएम मंच पर खड़े होकर इंतजार करते रहे. इसके बाद जेनरेटर चालू किया गया जिसके बाद उन्होंने अपना संबोधन शुरू किया.