आगरालीक्स…आगरा में श्रीकृष्ण—बलदेव शोभायात्रा के मार्ग में अचानक बदलाव से आई दिक्कतें. श्रीकृष्ण लीला कमेटी करेगी मुख्यमंत्री से शिकायत
अचानक बदलाव से हुई एक घंटे की देरी
नगर के प्राचीनतम श्रीकृष्ण लीला महोत्सव के तहत निकाली गई श्रीकृष्ण-बल्देव की शोभायात्रा के मार्ग को अचानक बदल दिया गया, जिससे काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सवारियां भी लेट हुईं और दर्शकों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। इस पर श्रीकृष्ण लीला कमेटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने आक्रोश व्यक्त किया है और मुख्यमंत्री जी से शिकायत करने की बात कही है। कृष्ण लीला महोत्सव के तहत हर साल कृष्ण-बल्देव की शोभायात्रा निकाली जाती है। इस वर्ष भी मंगलवार को निकाली गई। जिसकी सूचना पूरे प्रशासन को एक महीने पहले दी दे गई थी। लेकिन वाटर वर्क्स से जीवनीमंडी वाले रोड पर अचानक खोदाई करके उसे बंद कर दिया गया। जिससे शोभायात्रा सुल्तानगंज की पुलिया, रिंग रोड, विजय नगर कालोनी होकर जीवनी मंडी पहुंचानी पड़ी। इससे कमेटी के पदाधिकारियों को काफी दिक्कत हुई। सवारियों को जीवनीमंडी पहुंचने में विलंब हुआ। पूरे शहर में श्रद्धालु भगवान श्रीकृष्ण-बल्देव के दर्शन करने के लिए इंतजार करते रहे।

कमेटी के अध्यक्ष मनीष अग्रवाल ने कहा है कि यह अधिकारियों की सरासर लापरवाही है और भगवान के काम में रोड़ा अटकाने का प्रयास किया है। इस बारे में जल्द ही माननीय मुख्यमंत्री श्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराया जाएगा। उनसे मांग की जाएगी कि दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।