आगरालीक्स…आगरा में बारिश के बाद और ठंडा हुआ मौसम. सुबह छा सकता है कोहरा. सुबह 8.4 एमएम हुई बारिश. गर्म कपड़े पहनना हुआ शुरू…
आगरा में आज सुबह हुई जोरदार बारिश के बाद मौसम और ठंडा हो गया है. इसका असर आज शाम से दिखाई देने लगा. दोपहर को धूप निकली लेकिन शाम होने के बाद से मौसम में सर्दी का अहसास होना शुरू हो गया है. पंखे की हवा भी अब अच्छी खासी ठंडी लग रही है. रात के समय पंखा चल रहा है तो सिर्फ मच्छरों का दूर करने के लिए. लोगों ने हल्के गर्म कपड़े भी निकाल लिए हैं. स्कूल जाने वाले बच्चों से लेकर बुजुर्ग तक गर्म कपड़े पहने हुए दिखाई देने लगे हैं. इसके अलावा शहर से बाहर जा रहे लोग भी गर्म कपड़े पहनकर या अपने साथ रखकर जा रहे हैं.

आगरा में बारिश के कारण तापमान में भी कमी देखी गई है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को शहर का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया तो वहीं न्यूनतम तापमान अभी भी सामान्य से अधिक चल रहा है. मौसम विभाग के अनुसार बुधवार को न्यूनतम तापमान 17.7 डिग्री सेल्सियस रहा और ये सामान्य से अभी भी 4 डिग्री सेल्सियस अधिक है. मौसम विभाग के अनुसार जल्द ही न्यूनतम तापमान में गिरावट देखने को मिलेगी. गुरुवार को सुबह के समय कोहरा छा सकता है. इसके अलावा अधिकतम तापमान में गिरावट आने से सर्दी का अच्छा खासा असर देखने को मिलेगा.