आगरालीक्स…आगरा के मार्केट में छाया रक्षाबंधन का त्योहार. गिफ्ट्स शॉप, साड़ियों की दुकानों पर ग्राहकों की रौनक. पारंपरिक और आधुनिक राखियों की वैरायटियां लुभा रही मन…
त्योहारों का मौसम शुरू होते ही बाजारों मेें चहल पहल भी बढ़ गई है. रक्षाबंधन पर्व को लेकर आगरा के बाजारों में रौनक छाई हुई है. राखियों की दुकानों के अलावा गिफ्ट्स शॉप, साड़ियों और कपड़ों की दुकानों पर जमकर खरीदारी की जा रही है. इससे व्यापारियों के चेहरे पर भी खुशी छा गई है. बुधवार को भी रक्षाबंधन को लेकर बहन और भाई को गिफ्ट देने के लिए बाजार में लोग खरीदारी करते रहे. गिफ्ट की दुकानों के साथ ही कपड़ों और ज्वैलरी शोरूम पर भी खूब भीड़ रही. रात तक लोग बारिश के बाद भी खरीदारी करते रहे.
पारंपरिक राखियां आज भी सबसे पहली पसंद
समय के साथ साथ राखियों की डिजाइन और उनकी बनावट में परिवर्तन आया है लेकिन आज भी पारंपरिक राखियां सबसे अधिक पसंद की जाती हैं. कुंदन, जरदोजी, रेशम के धागे और असली रुद्राक्ष से बनी राखियां बाजार में अपनी खास जगह बनाए हुए हैं. इनके अलावा छोटे छोटे बच्चों के लिए उनकी पसंद की स्पाइडरमैन, मोटू पतलू और डोरेमोन जैसे कार्टून वाली राखिया उपलब्ध हैं. बच्चों के लिए लाइट वाली राखियां भी पसंद की जा रही है. इनके अलावा राखियों में गणपति, ओम, स्वास्तिक और रुद्राक्ष से जुड़ी थीम भी काफी पसंद की जा रही हैं.
नाम लिखी राखियों का चलन तेजी से छाया
इस बार रक्षाबंधन पर सबसे अधिक नाम लिखी राखियां पसंद की जा रही हैं. इनका आनलाइन बाजार जमकर छाया हुआ है. विभिन्न साइटों पर नाम वाली राखियां आर्डर के साथ तैयार करके डिलीवर की जा रही हैं. भाई और बहन के नाम के पहले अक्षर या पूरा नाम लिखी हुई राखियां लोग बहुत पसंद कर रहे हैं.