आगरालीक्स…स्मार्ट सिटी की तरह विकसित होंगे स्मार्ट विलेज. आगरा में डिप्टी सीएम ने बताए विकसित भारत—जी राम जी विधेयक के फायदे. मनरेगा को बताया भ्रष्टाचार का दलदल
शुक्रवार को प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने आगरा में विकसित भारत—जी राम जी के फायदे ग्रामीणों को बताए. फतेहाबाद की ग्राम पंचायत पैंतीखेड़ा में वे सती माता मंदिर प्रांगण में आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करने पहुंचे.उन्होंने सती माता जसोदा देवी मंदिर पहुंच कर मंदिर के दर्शन किए और यहां 05 क्विंटल का नवीन घंटा भी लगाया गया. ग्राम चौपाल का शुभारंभ किया तथा जी राम जी (ग्रामीण आजीविका मिशन) के तहत लगी स्टालों का निरीक्षण किया. उपमुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, बाल विकास विभाग, कृषि विभाग, समाज कल्याण, स्वास्थ्य विभाग, कौशल विकास, सेवायोजन, जिला उद्योग केंद्र आदि के स्टालों को देखा तथा जानकारी ली, उन्होंने लगभग 25 लाख की राशि से निर्मित सती माता मंदिर प्रांगण में सामुदायिक भवन का लोकार्पण किया.

भ्रष्टाचार का दलदल था मनरेगा
यहां आयोजित विशाल ग्राम चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि सती माता मंदिर प्रांगण में आकर मुझे ऊर्जा मिलती है माता का आशीर्वाद मिलता है आगरा में मेरे द्वारा चुनाव प्रचार का शुभारंभ सती माता मंदिर से होता है ये मेरी आस्था का केंद्र है. उन्होंने कहा कि वर्ष 2014 में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश की बागडोर संभाली, जब देश भ्रष्टाचार के दलदल में डूबा था. उन्होंने “ना खाऊंगा, ना खाने दूंगा“ को दोहराते हुए कहा कि भ्रष्टाचारियों से पाई-पाई वसूल कर देश के गरीबों, किसानों एवं भविष्य की भलाई में लगाया जाएगा. जी राम जी अभियान के माध्यम से मनरेगा को भ्रष्टाचार के दलदल से निकालकर स्मार्ट सिटी की तर्ज पर स्मार्ट गांव विकसित किए जा रहे हैं. ग्रामीणों की सड़क, नाली, जल निकासी एवं बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों की समस्याओं का समाधान इसी अधिनियम से सुनिश्चित किया जाएगा.
शहर की तरह चमकेंगे गांव
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि आगरा शहर की तरह अब गांव की गलियां भी चमकेंगी। प्रधानमंत्री जी के विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश एवं विकसित गांव के संकल्प के अनुरूप हर गांव में रोजगार के अवसर सृजित किए जाएंगे. उपमुख्यमंत्री ने ऐलान किया कि उत्तर प्रदेश में मातृ शक्ति को सशक्त बनाने हेतु 3 करोड़ लखपति दीदी बनाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है. वर्तमान में 01 करोड़ दीदियों को सर्टिफिकेट एवं सम्मान पत्र प्रदान किए जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि आने वाले समय में हर गांव में 10-20 लखपति दीदियां होंगी, जिससे परिवारों की पहचान मजबूत होगी. उन्होंने 2017 विधानसभा एवं 2019 लोकसभा चुनावों में आगरा एवं फतेहाबाद की जनता द्वारा भाजपा को प्राप्त पूर्ण समर्थन का स्मरण कराया. उन्होंने कहा कि भाजपा राष्ट्रवाद, विकास तथा संविधान की पुजारी है.

मतदाता सूची शुद्धीकरण के लिए नाम जुड़वाने की अपील
सबका साथ, सबका विकास के मंत्र पर जोर देते हुए कहा कि वोट न देने वालों से भी भेदभाव नहीं. सरदार वल्लभभाई पटेल जी की जन्म जयंती को राष्ट्रीय एकता दिवस के रूप में मनाया जाता है. वंदे मातरम राष्ट्रगीत है, जिसकी शताब्दी पर विधानसभा एवं विधान परिषद में चर्चा हुई. उन्होंने आपातकाल के विरुद्ध राष्ट्रवादी भावना को रेखांकित किया. अंत में उपमुख्यमंत्री ने मतदाता सूची शुद्धीकरण हेतु 6 फरवरी 2026 तक समयसीमा बताते हुए अपील की कि नाम जुड़वाएं, हटवाएं या संशोधित कराएं. 18 वर्ष पूर्ण करने वालों एवं स्थानांतरित मतदाताओं के नाम दर्ज कराएं. उन्होंने 2027 विधानसभा चुनाव में भाजपा की जीत सुनिश्चित करने का आह्वान किया.
सर्किट हाउस में की प्रेसवार्ता
इससे पहले डिप्टी सीएम ने सर्किट हाउस पहुंचकर प्रेस वार्ता कर विकसित भारत – गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण) अधिनियम-2025 (वीबी -जी राम जी) के महत्वपूर्ण प्रावधानों व मजदूर भाइयों को होने वाले लाभों के बारे मीडिया बंधुओं से बात कर जानकारी दी, उन्होंने बताया कि “जी राम जी” भारतीय संस्कृति, सुशासन और जन-कल्याण का प्रतीक है, जिसमें
जी = जनभागीदारी
रा = राष्ट्रनिर्माण
म = मानवीय मूल्यों के साथ विकास
जी= जन कल्याण है।

उन्होंने कहा कि विकसित भारत-जी राम जी के माध्यम से विकसित भारत, विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित गांव का रोड मैप तैयार किया गया है. विकास पैरामीटर के हिसाब से ग्राम पंचायतों का निर्धारण ए, बी एवं सी कैटेगरी में किया जाएगा,जिससे समस्त गांवों को विकास के समान अवसर प्राप्त होंगे,गांवो के विकास की बेहतर प्लानिंग के लिए पीएम गति शक्ति एवं अन्य आईटी टूल्स जैसे जी आइ एस का उपयोग किया जायेगा. इसमें जाब कार्ड तीन साल के लिए बनाया जायेगा. देश में श्रमिकों और किसानों के हित में लिए गए इस अधिनियम का सकारात्मक रूप स्वागत किया जा रहा है. ग्रामीण भारत को आत्मनिर्भर एवं आधुनिक बनाने की दिशा में विकसित भारत- जी राम जी महत्वपूर्ण अधिनियम है, इसमें अब कोई एन0जी0ओ0 काम नहीं करेंगे.