आगरालीक्स…आगरा के माही इंटरनेशनल स्कूल में विद्यार्थियों को बताए चार्टर्ड अकाउंटेंसी में करियर के अवसर
आगरा। ही इंटरनेशनल स्कूल में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के वाणिज्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए चार्टर्ड अकाउंटेंसी में करियर के अवसरों पर विशेष परामर्श कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का आयोजन इंस्टीट्यूट ऑफ़ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ़ इंडिया की सेंट्रल इंडिया रीजनल काउंसिल की आगरा शाखा के सहयोग से किया गया। कार्यशाला का संचालन आईसीएआई आगरा शाखा (सीआईआरसी) के उपाध्यक्ष सीए आयुष गोयल एवं भारत विकास परिषद, ब्रज प्रांत के महासचिव सीए विवेक अग्रवाल ने किया। दोनों विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को सीए पाठ्यक्रम के महत्व, पात्रता, प्रवेश एवं पंजीकरण प्रक्रिया, विभिन्न चरणों, परीक्षा की तैयारी तथा पाठ्यक्रम पूर्ण करने के बाद उपलब्ध करियर अवसरों की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने विद्यार्थियों को चार्टर्ड अकाउंटेंट की व्यावसायिक भूमिकाओं, जिम्मेदारियों, कार्यक्षेत्र और इस क्षेत्र से जुड़े लाभों से भी अवगत कराया। संवादात्मक प्रश्नोत्तर सत्र के दौरान विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों की शंकाओं एवं प्रश्नों का सरल और प्रभावी ढंग से समाधान किया। सत्र विद्यार्थियों के लिए अत्यंत ज्ञानवर्धक, उपयोगी एवं प्रेरणादायक रहा।
विद्यालय के चेयरमैन सीए संजय अग्रवाल एवं प्रधानाचार्या श्रीमती मनिन्द्रा सिंह ने विद्यार्थियों के साथ अतिथियों का स्वागत किया। सत्र के समापन पर उन्होंने दोनों विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए सम्मान एवं स्मृति-चिह्न स्वरूप ‘माही मोमेंटो’ भेंट किए।
विद्यालय प्रबंधन ने कहा कि सही समय पर प्राप्त विशेषज्ञ मार्गदर्शन विद्यार्थियों को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार उचित करियर चुनने में सहायता करता है। माही इंटरनेशनल स्कूल विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ व्यावहारिक अनुभव एवं करियर संबंधी सही दिशा प्रदान करने के लिए निरंतर ऐसे मंच उपलब्ध करा रहा है, जहां वे संबंधित क्षेत्रों के अनुभवी पेशेवरों से सीधे संवाद कर सकें।